
– सड़क से लेकर विधानसभा तक उठाई मांग, क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

सरायपाली। सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के भीखापाली–कोकड़ी मार्ग पर पुलिया निर्माण की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ी है। क्षेत्रीय विधायक चातुरी नंद के लगातार प्रयासों के बाद लोक निर्माण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा भीखापाली नाला पर उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण के लिए ₹4 करोड़ 83 लाख 76 हजार की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस स्वीकृति से क्षेत्रवासियों में आवागमन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
विधायक चातुरी नंद लंबे समय से इस क्षेत्र में पुलिया निर्माण की आवश्यकता को लेकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराती रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सड़क से लेकर विधानसभा तक उठाया और संबंधित अधिकारियों एवं शासन के समक्ष इस महत्वपूर्ण मांग को प्रमुखता से रखा। उनका कहना रहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में पुल-पुलिया जैसी आधारभूत सुविधाओं का अभाव आम जनता के दैनिक जीवन, कृषि कार्यों, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को प्रभावित करता है।
*आजादी के बाद पुलिया निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक पहल*
भीखापाली–कोकड़ी क्षेत्र में लंबे समय से पुलिया निर्माण की मांग की जा रही थी। अब उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति मिलने से क्षेत्रवासियों की उम्मीदें बढ़ी हैं। पुल का निर्माण होने से आवागमन सुगम होने तथा विशेषकर बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों में कमी आने की संभावना है।
विधायक चातुरी नंद ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने इस स्वीकृति को क्षेत्र की मूलभूत जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि वे लगातार प्रयासरत रही हैं कि ग्रामीणों को बेहतर सड़क संपर्क और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
*विधायक चातुरी नंद ने जताया आभार*
विधायक चातुरी नंद ने पुलिया एवं पहुंच मार्ग निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति जारी होने पर छत्तीसगढ़ शासन तथा लोक निर्माण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से आग्रह किया कि आवश्यक तकनीकी एवं निविदा संबंधी प्रक्रियाएं नियमानुसार पूरी कर निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से और समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क, पुल-पुलिया और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
*ग्रामीणों ने जताया विधायक के प्रति आभार*
पुलिया निर्माण की स्वीकृति मिलने की खबर से कोकड़ी और भीखा पाली सहित क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है. इस ऐतिहासिक स्वीकृति के लिए ग्राम कोकड़ी के सरपंच यमुना पटेल, कांशी पटेल, वृंदा वती पटेल, माधुरी मानिकपुरी, मोहनमती पटेल, शांतनु पटेल, उत्तम पटेल सहित क्षेत्र वासियों ने विधायक का धन्यवाद ज्ञापित किया है.









