
10 साल से बिजली की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण, 20 कृषि और 40 घरेलू बोर भी प्रभावित
बेमेतरा। CG DASTAK

जिले के ग्राम लोलेसरा में पिछले करीब 10 वर्षों से जारी लो-वोल्टेज की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। सोमवार को ग्रामीण अपनी बिजली संबंधी समस्या लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे और जनदर्शन में कलेक्टर के सामने समस्या रखते हुए नया 100 KVA ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग की।
ग्रामीणों के मुताबिक गांव में वर्तमान में 100 KVA क्षमता का ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ है, लेकिन विद्युत भार अधिक होने के कारण पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिल पा रहा है। इसका असर गांव के करीब 150 घरों पर पड़ रहा है।
20 कृषि और 40 घरेलू बोर प्रभावित
ग्रामीणों ने बताया कि लोलेसरा में लगभग 20 कृषि बोर और 40 घरेलू बोर संचालित हैं। लो-वोल्टेज के कारण पानी की मोटर और घरेलू बोर ठीक से नहीं चल पा रहे हैं। इससे गांव की पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है और ग्रामीणों को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।
इसके अलावा घरों में लाइट, कूलर, फ्रिज सहित अन्य विद्युत उपकरण भी पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिलने के कारण ठीक से संचालित नहीं हो पा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बनी इस समस्या के चलते बिजली उपकरणों के खराब होने का खतरा भी बना रहता है।
जर्जर तार और केबल बदलने की मांग
जनदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने गांव में कई स्थानों पर जर्जर हो चुके बिजली के तार और केबल की समस्या भी उठाई। ग्रामीणों के अनुसार खराब तारों के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से तकनीकी परीक्षण कराकर जरूरत के अनुसार जर्जर तार और केबल बदलने की मांग की है।
1912 हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद भी समाधान नहीं
ग्रामीणों का कहना है कि लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर बिजली विभाग की 1912 हेल्पलाइन पर कई बार शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित विभाग को नया 100 KVA ट्रांसफॉर्मर लगाने और गांव की विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश देने की मांग की है।










