
रायपुर CG DASTAK
ओडिशा से रायपुर लाई जा रही थी गांजे की खेप, पुलिस ने सप्लाई चेन का किया खुलासा; करोड़ों के नेटवर्क की जांच
रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में छह अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 56.326 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 29 लाख रुपये आंकी गई है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा ने बताया कि पहली कार्रवाई टिकरापारा थाना क्षेत्र के कमल विहार रोड स्थित नीलगिरी प्लांटेशन के पास की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर कमलेश सोनवानी, राजा टंडन और नीतू टंडन को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से 46.100 किलोग्राम गांजा, एक सुजुकी एक्सेस स्कूटर और मोबाइल फोन जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजे की खेप ओडिशा के कालाहांडी जिले से रायपुर लाई गई थी।
सप्लाई चेन तक पहुंची पुलिस
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए रायपुर रेलवे स्टेशन के पास से ओडिशा निवासी बनमाली टांडी और अनु टांडी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, ये दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में सप्लाई करते थे, जिसके बाद स्थानीय तस्कर शहर में अलग-अलग स्थानों पर इसकी बिक्री करते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी कमलेश सोनवानी के खिलाफ रायपुर और महासमुंद में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से कई मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।
भागनगांव बस स्टैंड से तीन और तस्कर दबोचे
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने भागनगांव बस स्टैंड के पास से हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से जुड़े तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान कपिल कटारिया (हरियाणा), महेश दुबे (प्रयागराज) और नीरज शर्मा (अलीगढ़) के रूप में हुई है।
इनके कब्जे से 10.226 किलोग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की कीमत करीब 5.12 लाख रुपये बताई जा रही है।
जांच जारी

दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।










