
जांजगीर-चांपा। CG DASTAK
35 वर्षीय शिव सहीस की इलाज के दौरान मौत, पुलिस बोली- मिर्गी का दौरा पड़ने के बाद गिरने से लगी सिर में चोट; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा में पुलिस हिरासत में लिए गए 35 वर्षीय शिव सहीस उर्फ मनीराम सहीस की इलाज के दौरान मौत के बाद तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। युवक की मौत की खबर सामने आने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने चांपा थाने पहुंचकर घेराव किया। परिजनों ने पुलिस हिरासत के दौरान युवक के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने मारपीट के आरोपों से इनकार करते हुए युवक की तबीयत बिगड़ने की वजह मिर्गी का दौरा पड़ना और वॉशरूम जाते समय गिरने से सिर में चोट लगना बताई है।
20 लीटर अवैध शराब के साथ हिरासत में लेने का दावा
जानकारी के मुताबिक मेहंदीपारा निवासी शिव सहीस को बुधवार दोपहर चांपा पुलिस उसके घर से कथित तौर पर 20 लीटर अवैध देशी शराब के साथ हिरासत में लेकर थाने लाई थी। इसके बाद युवक को पुलिस थाने में रखा गया।
पुलिस के अनुसार देर रात करीब 10 बजे शिव की तबीयत अचानक बिगड़ गई। पुलिस का कहना है कि उसे मिर्गी का दौरा पड़ा और वॉशरूम जाते समय वह अचानक गिर गया। गिरने के कारण उसके सिर में चोट लगने की बात पुलिस ने कही है।
BDM अस्पताल से जिला अस्पताल किया गया रेफर
तबीयत बिगड़ने के बाद ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी युवक को उपचार के लिए BDM अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे सुबह करीब 6 बजे जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान सुबह करीब 8:30 बजे शिव सहीस की मौत हो गई। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही उसके परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
थाने के बाहर जुटी भीड़, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मौत की सूचना के बाद बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग चांपा थाने पहुंचे और थाने का घेराव कर दिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस हिरासत के दौरान शिव के साथ मारपीट की गई थी। उनका दावा है कि मारपीट के बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
दूसरी ओर, पुलिस ने मारपीट के आरोपों को खारिज किया है। पुलिस के मुताबिक युवक को मिर्गी का दौरा पड़ा था और वॉशरूम जाते समय गिरने से उसके सिर में चोट लगी, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
फिलहाल इस मामले में पुलिस का पक्ष और परिजनों के आरोप अलग-अलग हैं। हिरासत के दौरान युवक के साथ क्या हुआ और उसकी मौत की वास्तविक वजह क्या रही, यह जांच का विषय है।
मौत के कारणों को लेकर अंतिम स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद चांपा थाने के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस एवं प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।









