नाना की हत्या करने वाले 2 नातियों को उम्रकैद, मकान-जमीन विवाद में कुल्हाड़ी और फावड़े से किया था हमला

0

रायगढ़। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मकान और पुश्तैनी जमीन के विवाद में अपने ही नाना की हत्या करने वाले दो नातियों को न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। दोनों आरोपियों ने वर्ष 2022 में कुल्हाड़ी, फावड़ा और डंडे से हमला कर अपने नाना की हत्या कर दी थी।

मामला खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम सोण्डका का है। अभियोजन के मुताबिक ग्राम सोण्डका निवासी गेंदलाल डनसेना (62) का अपने मकान और पुश्तैनी जमीन को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक के साथ उसके नाती ओमप्रकाश डनसेना (24) और कार्तिक डनसेना (19) भी रहते थे।

पहले मारपीट, फिर अगले दिन कर दी हत्या

बताया गया कि 25 दिसंबर 2022 को दोनों आरोपियों ने गेंदलाल के छोटे भाई के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की थी। इसकी शिकायत खरसिया थाने में दर्ज कराई गई थी।

इसके अगले दिन 26 दिसंबर को पारिवारिक बैठक के दौरान विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि दोनों नाती अपने नाना पर हमला करने दौड़े। जान बचाने के लिए गेंदलाल कमरे में छिप गए, लेकिन आरोपियों ने गैस सिलेंडर से दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कुल्हाड़ी, फावड़ा व डंडे से हमला कर उनकी हत्या कर दी।

एक आरोपी मौके से पकड़ा गया, दूसरा अगले दिन गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही खरसिया पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी कार्तिक डनसेना को घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया।

वहीं फरार आरोपी ओमप्रकाश डनसेना को अगले दिन मुखबिर की सूचना पर नवापारा रोड से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसके द्वारा हत्या करना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, फावड़ा, डंडा, गैस सिलेंडर और घटना के समय पहने कपड़े जब्त किए।

मजबूत साक्ष्यों के आधार पर सुनाई उम्रकैद

पुलिस ने जांच के दौरान महत्वपूर्ण भौतिक और मौखिक साक्ष्य जुटाकर न्यायालय में चालान पेश किया। अभियोजन की प्रभावी पैरवी और पुलिस की विवेचना के आधार पर अपर सत्र न्यायाधीश श्वेता श्रीवास्तव की अदालत ने दोनों आरोपियों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई।

पुलिस के मुताबिक मामले की विवेचना और अभियोजन की प्रभावी पैरवी के चलते आरोपियों को सजा दिलाने में सफलता मिली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here