
दुर्ग। दिवाली के त्योहार के बीच जिले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी दौरान धनतेरस की रात नेवई भाठा में जुआरियों पर रेड करने गई पुलिस टीम की बाइक को अज्ञात लोगों ने आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, नेवई भाठा इलाके में जुआ फड़ सजे होने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। टीम ने जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ने की योजना बनाई और बाइक कुछ दूरी पर खड़ी कर पैदल जुआ स्थल तक पहुंची। जुआरियों को पकड़ने के बाद जब टीम वापस लौटी, तो देखा कि आरक्षक भूमेन्द्र वर्मा की बाइक धू-धूकर जल रही थी।
आग कैसे लगी और किसने लगाई, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना स्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ जारी है। बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
मामले की जानकारी मिलते ही एएसपी शहर सुखनंदन राठौर स्वयं थाने पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, नेवई पुलिस ने किसी के खिलाफ अपराध दर्ज नहीं किया है, लेकिन इलाके में तैनात पुलिस टीम को अलर्ट पर रखा गया है ताकि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।










