
दुर्ग-भिलाई। CG DASTAK
दुर्ग पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई के तहत अलग-अलग 66 मामलों में जब्त करीब 1.20 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थों का नष्टीकरण किया। यह कार्रवाई सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की निगरानी में की गई।

पुलिस के मुताबिक नष्ट किए गए नशीले पदार्थों में 138.196 किलो गांजा, 114.56 ग्राम हेरोइन, 1,758 नशीली टैबलेट, 2,772 नशीले कैप्सूल और 837 नशीली दवाओं के सीरप शामिल हैं।
BSP के भस्मीकरण संयंत्र में किया गया नष्टीकरण
जब्त नशीले पदार्थों के निपटारे के लिए भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के SMS-03 प्लांट स्थित भस्मीकरण संयंत्र का इस्तेमाल किया गया। निर्धारित प्रक्रिया और सुरक्षा नियमों के तहत गांजा समेत अन्य नशीले पदार्थों को नष्ट किया गया।
वहीं, जब्त किए गए 837 नशीली सीरप को नेवई थाना क्षेत्र के नेवईभाठा में निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया।
जिला स्तरीय समिति की निगरानी में हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार पूरी कार्रवाई छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग और पुलिस मुख्यालय रायपुर के नारकोटिक्स सेल के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति के समन्वय से की गई।
नष्टीकरण के दौरान डीआईजी/एसएसपी विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी और प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अशोक अग्रवाल समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
पर्यावरणीय मानकों का भी रखा गया ध्यान
पुलिस के मुताबिक नष्टीकरण की प्रक्रिया में पर्यावरण विभाग और संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति ली गई थी। निर्धारित सुरक्षा एवं पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए जब्त सामग्री का सुरक्षित और विधिसम्मत निपटारा किया गया।










