दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट की कोशिश: महिला बनकर पहुंचे बदमाश, मिर्ची पाउडर फेंका, कट्टा और बाइक छोड़कर फरार

0
15

कटघोरा। CG DASTAK 

कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम छुरी में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप में लूट की कोशिश से सनसनी फैल गई। राज ज्वैलर्स में तीन नकाबपोश बदमाश ग्राहक बनकर पहुंचे और मिर्ची पाउडर फेंककर हथियार के बल पर लूट का प्रयास किया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

महिला के वेश में पहुंचे बदमाश

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे तीन नकाबपोश बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए। इनमें से एक आरोपी सलवार-सूट पहनकर महिला के वेश में था, ताकि किसी को उन पर शक न हो।

बदमाशों ने सोने की अंगूठी दिखाने के बहाने दुकान संचालक को बातचीत में उलझाया और अचानक उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर फेंक दिया।

कट्टा और चाकू दिखाकर लूट की कोशिश

मिर्ची पाउडर फेंकने के बाद आरोपियों ने कट्टा और चाकू के दम पर दुकान में रखे जेवरात लूटने की कोशिश की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाश असली के साथ कुछ आर्टिफिशियल (नकली) ज्वेलरी भी लेकर भाग गए।

संचालक ने दिखाई बहादुरी

घटना के समय दुकान में तीन कर्मचारी मौजूद थे। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने संचालक राजकुमार अग्रवाल पर हमला कर दिया। हाथापाई के दौरान एक आरोपी ने चाकू से वार किया, जबकि संचालक को दांत से काटने की भी जानकारी सामने आई।

संचालक की बहादुरी और विरोध के चलते बदमाश अपनी पूरी योजना में सफल नहीं हो सके।

कट्टा और बाइक छोड़कर भागे आरोपी

भागने की जल्दबाजी में आरोपी मौके पर एक देसी कट्टा और प्लेटिना मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

CCTV फुटेज के आधार पर तलाश जारी

सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here