दंतेवाड़ा, जशपुर, मनेंद्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में शुरू होंगे मेडिकल कॉलेज; 2026-27 सत्र से प्रवेश का रास्ता साफ

0

रायपुर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा विस्तार होने जा रहा है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने राज्य के पांच नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू करने की मंजूरी दे दी है। प्रत्येक कॉलेज में 50-50 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति मिली है, जिससे प्रदेश में कुल 250 नई MBBS सीटें जुड़ जाएंगी।

जिन जिलों में नए मेडिकल कॉलेज शुरू होंगे, उनमें गीदम (दंतेवाड़ा), कुनकुरी (जशपुर), मनेंद्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम शामिल हैं। सभी कॉलेज पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय से संबद्ध होंगे।

एनएमसी के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने आवेदन, निरीक्षण रिपोर्ट और अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद इन संस्थानों को लेटर ऑफ परमिशन (LoP) जारी किया है। इसके साथ ही इन कॉलेजों में वर्ष 2026-27 से एमबीबीएस प्रवेश का रास्ता साफ हो गया है।

हालांकि आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी मेडिकल कॉलेजों को भवन, अस्पताल, फैकल्टी, उपकरण, क्लीनिकल सुविधाओं और अन्य आवश्यक मानकों को लगातार बनाए रखना होगा। भविष्य में निरीक्षण के दौरान कमियां पाए जाने पर आयोग आवश्यक कार्रवाई कर सकता है।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि नए मेडिकल कॉलेज शुरू होने से प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे और दूरस्थ एवं आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। सरकारी मेडिकल कॉलेज होने के कारण 15 प्रतिशत सीटों पर ऑल इंडिया कोटा के तहत भी प्रवेश दिए जाएंगे।

नए मेडिकल कॉलेजों की शुरुआत से न केवल प्रदेश के छात्रों को चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे, बल्कि डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे जिलों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार भी होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here