जनप्रतिनिधियों के आपराधिक मामलों में तेजी लाने के हाईकोर्ट के निर्देश, ट्रायल कोर्ट से मांगी ताजा रिपोर्ट

0

सांसद-विधायक, पूर्व सांसद और पूर्व विधायकों से जुड़े मामलों की जल्द सुनवाई के निर्देश, अगली सुनवाई 25 अगस्त को

बिलासपुर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने सांसदों, विधायकों, पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के खिलाफ लंबित आपराधिक मामलों की सुनवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की पीठ ने सभी संबंधित ट्रायल कोर्ट से ताजा स्थिति रिपोर्ट मंगाने का आदेश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 25 अगस्त 2026 को होगी।

सुनवाई के दौरान न्याय मित्र डॉ. एन.के. शुक्ला ने कोर्ट को बताया कि पिछली स्टेटस रिपोर्ट की तुलना में जनप्रतिनिधियों से जुड़े लंबित मामलों की संख्या में दो मामलों की कमी आई है। इनमें रायपुर और कबीरधाम जिले के एक-एक मामले का निराकरण हो चुका है।

इन मामलों की सुनवाई जारी

जून 2026 की स्थिति के अनुसार बिलासपुर जिले में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव और अन्य के खिलाफ मामला विचाराधीन है। वहीं बलौदाबाजार जिले में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा और अन्य से जुड़े मामलों की सुनवाई विभिन्न अदालतों में जारी है।

जांजगीर-चांपा जिले में विधायक बालेश्वर साहू और अन्य के खिलाफ मामलों में अभियोजन पक्ष के साक्ष्य दर्ज किए जा रहे हैं। इसके अलावा रायपुर की विभिन्न अदालतों में कई चर्चित मामलों की सुनवाई जारी है। पीएमएलए और ईडी की विशेष अदालत में देवेंद्र यादव, चंद्रदेव प्रसाद राय और कवासी लखमा से जुड़े मामलों पर सुनवाई चल रही है। वहीं सीजेएम रायपुर की अदालत में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, संजीव शुक्ला, उद्देश्वरी करा, आकाश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों से जुड़े मामलों की न्यायिक प्रक्रिया जारी है।

ट्रायल कोर्ट से मांगी अद्यतन रिपोर्ट

हाईकोर्ट ने रजिस्ट्रार ज्यूडिशियल को निर्देश दिया है कि अगली सुनवाई से पहले सभी संबंधित ट्रायल कोर्ट से अद्यतन स्थिति रिपोर्ट प्राप्त कर अदालत के समक्ष प्रस्तुत की जाए। साथ ही आदेश की प्रति संबंधित निचली अदालतों को तत्काल भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि लंबित मामलों की प्रगति समय पर हाईकोर्ट के समक्ष रखी जा सके।

CG Dastak | हर खबर, सीधा सच!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here