छत्तीसगढ़ में बारिश बनी आफत: 6 साल की बच्ची की मौत, 10 साल का बच्चा नदी में लापता, कई इलाके बाढ़ से प्रभावित

0

रायपुर। CG DASTAK 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जानलेवा साबित हो रही है। प्रदेश के कई जिलों में बाढ़, नदी-नालों के उफान और जलभराव के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। अलग-अलग जिलों से दर्दनाक घटनाएं सामने आई हैं।

6 साल की बच्ची की डूबने से मौत

राजधानी रायपुर के नेहरूपारा क्षेत्र में 6 वर्षीय चांदनी नाग निर्माणाधीन नाले में फिसलकर गहरे पानी में गिर गई। बारिश का पानी भरा होने के कारण बच्ची डूब गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

गोंगन गांव बाढ़ से बना टापू

गरियाबंद जिले के सुहागपुर स्थित गोंगन गांव में बाढ़ का पानी भरने से पूरा गांव टापू में तब्दील हो गया। यहां तीन छोटे बच्चों सहित एक परिवार करीब चार घंटे तक फंसा रहा। नगर सेना की टीम ने देर रात सफल रेस्क्यू कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि गांव में करीब 300 मवेशी अब भी पानी के बीच फंसे हुए हैं।

तेज बहाव में बहा 10 साल का बच्चा

सूरजपुर जिले के चपदा गांव में 10 वर्षीय एक बच्चा टेकी नदी के तेज बहाव में बह गया। सूचना के बाद NDRF की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक बच्चे का कोई पता नहीं चल सका।

उफान पर नदियां, पुल और सड़कें प्रभावित

लगातार बारिश के कारण रायपुर में खारून नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। वहीं गरियाबंद जिले में उदंती नदी पर ओडिशा सरकार द्वारा बनाया जा रहा निर्माणाधीन पुल भरभराकर गिर गया, जिससे दोनों राज्यों के बीच संपर्क प्रभावित हुआ।

बस्तर संभाग में NH-130 पर पुलिया क्षतिग्रस्त होने से कई गांवों का संपर्क टूट गया है। वहीं दंतेवाड़ा के अरनपुर-जगरगुंडा मार्ग पर लैंडस्लाइड के खतरे को देखते हुए आवागमन बंद कर दिया गया है।

अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी और ओडिशा क्षेत्र में बने सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले 24 घंटे तक भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here