गरियाबंद: छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर नक्सल डंप बरामद, देशी बंदूक, विस्फोटक और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेत भारी सामग्री जब्त

0
127

गरियाबंद (छत्तीसगढ़)। नक्सलवाद पर लगातार कड़ा प्रहार करते हुए सुरक्षा बलों को एक बार फिर बड़ी कामयाबी मिली है। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से लगे ओडिशा के नुआपड़ा ज़िले में सुरक्षाबलों ने संयुक्त ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों का एक बड़ा डंप बरामद किया है। इस ऑपरेशन को बोडेन थाना क्षेत्र के काटफाड़ और छातापानी जंगलों में 25 जुलाई को लॉन्च किया गया था, जो कि छत्तीसगढ़ सीमा से मात्र 10-15 किमी की दूरी पर स्थित है।

इस अभियान को विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर ओडिशा पुलिस की डिस्ट्रिक्ट वॉलंटियर फोर्स (DVF) और केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF) की D/19 बटालियन द्वारा संयुक्त रूप से अंजाम दिया गया। अभियान के दौरान जंगलों में की गई गहन सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन के तहत भारी मात्रा में नक्सलियों द्वारा छुपाई गई सामग्री बरामद की गई।

बरामद सामग्री में शामिल हैं:

हथियार और विस्फोटक:

  • 1 देशी बंदूक
  • 24 राउंड कारतूस
  • 10 जिलेटिन स्टिक
  • 3 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर
  • 50 ग्राम गन पाउडर

इलेक्ट्रॉनिक और अन्य उपकरण:

  • 2 सोलर प्लेट
  • वॉकी-टॉकी चार्जर
  • मोबाइल चार्जर
  • हेयर ट्रिमर
  • वायर कटर
  • इलेक्ट्रिक टेस्टर
  • 6 वोल्ट बैटरी
  • वोल्ट मीटर
  • दो बंडल इलेक्ट्रिक वायर

घरेलू और अन्य सामान:

  • 3 छतरियां
  • प्लास्टिक वॉटर जार
  • चप्पल, कैंची, चाकू, घड़ी, नेल कटर
  • इन्वर्टर चार्जर बॉक्स
  • छह पेंसिल बैटरियां
  • ब्लैक और व्हाइट इंसुलेशन टेप
  • ब्लूटूथ हेडफोन
  • गुलेल (कैटापल्ट), रस्सी, वेजिटेबल स्लाइसर
  • राशन सामग्री
  • महिलाओं की कॉस्मेटिक और अंडरगारमेंट्स
  • बर्तन और दवाइयां

नक्सली नेटवर्क पर बड़ा झटका

सुरक्षाबलों द्वारा जब्त की गई सामग्री यह स्पष्ट करती है कि नक्सली लंबे समय तक जंगलों में टिके रहने की तैयारी कर रहे थे। यह डंप वामपंथी उग्रवादियों (LWE) द्वारा उपयोग के लिए छुपाकर रखा गया था, जिसे अब सुरक्षा एजेंसियों ने नष्ट कर दिया है।

रणनीतिक दृष्टिकोण से अहम इलाका

बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र कभी खूंखार नक्सली चलपति का गढ़ हुआ करता था। वह यहीं से डिवीजन कमेटी के कार्यों की समीक्षा करता था। अब जबकि सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं, नक्सलियों के कई गुप्त ठिकानों का खुलासा हो रहा है और उनका नेटवर्क ध्वस्त किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक ने की पुष्टि

नुआपड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक जी. आर. राघवेंद्र ने इस संयुक्त ऑपरेशन की पुष्टि करते हुए बताया कि यह बरामदगी सुरक्षा बलों की रणनीतिक सफलता है। इससे नक्सलियों के मंसूबों को बड़ा झटका लगा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here