
कोरबा। CG DASTAK
पत्नी के विरोध से भड़का विवाद, गंभीर चोट लगने से मौके पर मौत; पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल करने की बात कही
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में दूसरी पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक घर बनाने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद पति ने अपनी पत्नी के सिर पर सीमेंट के डंबल से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घर बनाने की बात को लेकर हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी रमेश डोंगरे (40) शांति बस्ती के वार्ड नंबर-9 में अपनी दूसरी पत्नी बंधन कुंवर (39) के साथ रहता था। दोनों की यह दूसरी शादी थी। शादी के बाद रमेश अपनी पत्नी के घर में रह रहा था और वहां नया घर बनाकर रहने की बात कह रहा था।
बताया जा रहा है कि बंधन कुंवर इस बात का विरोध कर रही थी। इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
गुस्से में सीमेंट के डंबल से सिर पर हमला
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान रमेश ने कथित तौर पर सीमेंट के डंबल से बंधन कुंवर के सिर पर हमला कर दिया।
हमला इतना गंभीर था कि बंधन कुंवर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी आसपास के लोगों से मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
दोनों की थी दूसरी शादी
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक बंधन कुंवर आरोपी रमेश डोंगरे की दूसरी पत्नी थी। रमेश ने पहली पत्नी को छोड़ने के बाद बंधन कुंवर से शादी की थी। वहीं बंधन कुंवर की भी यह दूसरी शादी बताई जा रही है। दोनों पति-पत्नी घर में अकेले रहते थे और उनकी कोई संतान नहीं थी।
पुलिस और FSL टीम ने जुटाए सबूत
घटना की सूचना मिलते ही पाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की
पूछताछ में पति ने हत्या की बात कबूली
पाली थाना प्रभारी के मुताबिक पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी रमेश डोंगरे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।









