कोटमी बाजार में सराफा कारोबारी की गोली मारकर हत्या: हथियारबंद बदमाश लाखों के जेवर और नगदी लूटकर फरार

0
78

पेंड्रा। CG DASTAK

पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोटमी साप्ताहिक बाजार में रविवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने बीच बाजार एक सराफा कारोबारी को गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी बाजार में अफरा-तफरी मचाते हुए लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस हत्या और लूटकांड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

बीच बाजार मारी गोली, मौके पर मची भगदड़

जानकारी के मुताबिक पेंड्रा निवासी प्रदीप सोनी उर्फ पप्पू कोटमी के साप्ताहिक बाजार में सोने-चांदी का कारोबार करने पहुंचे थे। शाम के समय बाजार में भारी भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार तीन युवक अचानक बाजार पहुंचे और सीधे कारोबारी को निशाना बना लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने बिना कुछ कहे व्यापारी के सीने में गोली दाग दी। गोली लगते ही प्रदीप सोनी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। गोलियों की आवाज से बाजार में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने इधर-उधर भागने लगे।

जेवर और नगदी से भरा बैग ले जाने की आशंका

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश व्यापारी के पास मौजूद सोने-चांदी और नगदी से भरा बैग भी अपने साथ ले गए हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक लूटे गए सामान और रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

घायल व्यापारी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस, एफएसएल टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

जिलेभर में नाकेबंदी, व्यापारियों में आक्रोश

पुलिस ने आरोपियों की तलाश में जिलेभर में नाकेबंदी कर दी है। साथ ही आसपास के जिलों को भी अलर्ट जारी किया गया है।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश है। भीड़भाड़ वाले बाजार में खुलेआम हत्या और लूट की इस घटना ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here