कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता, जंगल में जमीन के अंदर छिपा नक्सली डंप बरामद

0

कांकेर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता मिली है। कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र के ग्राम आलपरस-गुमचुर के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया बड़ा नक्सली डंप बरामद किया गया है। इस कार्रवाई में जिला रिजर्व गार्ड (DRG), सीमा सुरक्षा बल (BSF) और बम निरोधक दस्ता (BDS) की संयुक्त टीम शामिल रही।

जानकारी के अनुसार, कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र में 11 जुलाई से सघन नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान रविवार को सुरक्षाबलों ने ग्राम आलपरस-गुमचुर के बीच जंगल क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया नक्सलियों का हथियार और विस्फोटक डंप बरामद हुआ।

नक्सली डंप से बरामद सामग्री:

303 रायफल – 2 नग

303 रायफल के 32 राउंड

लैपटॉप – 1

टैबलेट – 1

वायरलेस बैटरी – 3

रेडियो सेट – 1

नक्सली वर्दी – 2

पाउच – 5

चार्जर – 2

बैटरी – 1

नक्सली साहित्य और अन्य सामग्री

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांकेर-नारायणपुर सीमा के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षाबलों का उद्देश्य नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।

अधिकारियों के अनुसार, बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है, जिससे नक्सल संगठन की गतिविधियों और नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here