
कवर्धा। दिवाली की रात जहां लोग खुशियों का त्यौहार मना रहे थे, वहीं कवर्धा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी ही पत्नी पर सोते समय सब्बल से हमला कर उसकी जान ले ली। यह दिल दहला देने वाली घटना पांडातराई थाना क्षेत्र के ग्राम सोढ़ा की है।
जानकारी के अनुसार, दीपावली की रात आरोपी परसुराम गेन्ड्रे ने किसी बात को लेकर अपनी पत्नी अशमनी पर सब्बल से वार कर दिया। उस समय अशमनी अपने कमरे में गहरी नींद में थी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पांडातराई पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार सब्बल भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।










