
बैकुंठपुर। CG DASTAK
कोरिया जिले के बैकुंठपुर का मामला, पीड़िता की शिकायत पर गोंडवाना नेता और उसके जीजा गिरफ्तार
बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में इंटरकास्ट लव मैरिज के बाद एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवती ने आरोप लगाया है कि परिजनों और समाज के कुछ लोगों द्वारा उसे ससुराल से जबरन ले जाया गया, जिसके बाद उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया गया और गर्भपात कराने का प्रयास किया गया।
पीड़िता के अनुसार, उसने कुछ महीने पहले दूसरे समाज के युवक से प्रेम विवाह किया था। युवती के लापता होने पर परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन बाद में उसके विवाह की जानकारी सामने आई थी।
ससुराल से जबरन ले जाने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, युवती के पति के काम पर जाने के दौरान परिजन और समाज के कुछ लोग उसके ससुराल पहुंचे और कथित रूप से उसे जबरन अपने साथ ले गए। इसके बाद उसे सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र ले जाया गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि वहां गोंडवाना नेता रमेश टेकाम और उसके जीजा दरोगा सिंह ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
5 महीने की गर्भवती होने पर गर्भपात कराने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि जब आरोपियों को पता चला कि वह करीब 5 महीने की गर्भवती है, तो उसे गर्भपात की दवा लाने के लिए मेडिकल स्टोर भेजा गया।
इसी दौरान युवती ने अपने पति को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पति ने बैकुंठपुर कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रमेश टेकाम और दरोगा सिंह को सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।











