अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप 2026-27 पर कार्यशाला संपन्न, छात्राओं को आवेदन प्रक्रिया की दी गई जानकारी

0

रायपुर। CG DASTAK 

रायपुर। शासकीय जे. योगानन्दम छत्तीसगढ़ महाविद्यालय, रायपुर में 21 अगस्त 2026 को अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की स्कॉलरशिप 2026-27 को लेकर छात्राओं के लिए कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को छात्रवृत्ति के लिए पात्रता, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देना रहा।

कार्यशाला में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की अधिकारी श्रीमती कमला वाजपेयी ने छात्राओं को स्कॉलरशिप से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन आवेदन करते समय आवश्यक दस्तावेजों को सही तरीके से अपलोड करने की प्रक्रिया भी समझाई।

सभी वर्गों की छात्राएं कर सकेंगी आवेदन

कार्यशाला में बताया गया कि इस छात्रवृत्ति के लिए सभी श्रेणियों की छात्राएं पात्र होंगी। पात्रता के तहत छात्रा का कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा पूर्णतः शासकीय विद्यालय से उत्तीर्ण होना आवश्यक बताया गया।

 

12वीं के बाद आगे की पढ़ाई के लिए किसी शासकीय, अर्धशासकीय या निजी कॉलेज अथवा विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने वाली पात्र छात्राएं इस छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकेंगी।

हर साल 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति

कार्यशाला में दी गई जानकारी के अनुसार, पात्र एवं चयनित छात्राओं को 30 हजार रुपये प्रतिवर्ष की दर से छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। छात्रवृत्ति की राशि सीधे संबंधित छात्रा के बैंक खाते में जमा की जाएगी।

इसके लिए छात्रा के नाम पर किसी भी बैंक में स्वयं का सेविंग अकाउंट होना जरूरी बताया गया। कार्यशाला में जानकारी दी गई कि जनधन योजना के तहत खुले खाते इस छात्रवृत्ति के लिए मान्य नहीं होंगे।

आवेदन के लिए ये दस्तावेज जरूरी

छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। आवेदन के दौरान छात्राओं को आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी।

इनमें प्रमुख रूप से—

10वीं की मूल अंकसूची की स्कैन कॉपी

12वीं की मूल अंकसूची की स्कैन कॉपी

बैंक पासबुक के फ्रंट पेज की स्कैन कॉपी

आधार कार्ड की कॉपी

कॉलेज में प्रवेश की सील एवं हस्ताक्षर वाली मूल फीस रसीद की स्कैन कॉपी

सफेद बैकग्राउंड वाली पासपोर्ट साइज फोटो

शामिल हैं।

कार्यशाला में छात्राओं को आवेदन के दौरान दस्तावेजों को सही और स्पष्ट रूप से अपलोड करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

छत्तीसगढ़ में करीब 2 लाख छात्राओं तक पहुंचाने का लक्ष्य

श्रीमती कमला वाजपेयी ने बताया कि छत्तीसगढ़ से करीब 2 लाख छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस लक्ष्य को आगे और बढ़ाया भी जा सकता है। ऐसे में पात्र छात्राओं को छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

छात्राओं को अधिक से अधिक आवेदन के लिए किया प्रेरित

कार्यशाला की संयोजक महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक श्रीमती ममता पटेल रहीं। उन्होंने बड़ी संख्या में छात्राओं को कार्यशाला में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. पारमिता दुबे ने अतिथि श्रीमती कमला वाजपेयी का पुष्पगुच्छ से स्वागत एवं सम्मान किया। वहीं डॉ. अनिल रामटेके ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजली भटनागर ने छात्राओं को अधिक से अधिक संख्या में छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. अनामिका मोदी, डॉ. नियति गुरुद्वान, डॉ. भुनेश्वरी वर्मा और डॉ. मंजू वर्मा का उल्लेखनीय सहयोग रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here