
रायपुर | 15 जुलाई 2025
राजधानी रायपुर में ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के मामलों में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर भाइयों वीरेन्द्र सिंह तोमर और रोहित सिंह तोमर के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा और कसना शुरू कर दिया है। सोमवार को रायपुर पुलिस ने रोहित सिंह तोमर की पत्नी भावना तोमर को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस भावना से पूछताछ कर दोनों फरार आरोपियों के संबंध में सुराग जुटाने की कोशिश कर रही है।
📍 पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का मामला
पूरा मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है, जहां पिछले कुछ महीनों से ब्याजखोरी, ब्लैकमेलिंग और धमकी देकर रकम वसूलने के गंभीर आरोप वीरेन्द्र और रोहित तोमर पर लगे हैं। आरोपियों ने कई लोगों से मूल रकम से कई गुना राशि वसूल की, जमीन के दस्तावेज और कोरे चेक लेकर ब्लैकमेल भी किया।
👮♂️ सात केस दर्ज, कोर्ट ने दी चेतावनी
अब तक दोनों आरोपियों के खिलाफ 7 FIR दर्ज की जा चुकी हैं। रायपुर पुलिस ने फिर से कोर्ट में आवेदन देकर दोनों को 18 अगस्त 2025 तक कोर्ट में उपस्थित होने का निर्देश दिलवाया है। इससे पहले दोनों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी हो चुका है, लेकिन वे लगातार पुलिस से बचते हुए फरार हैं।
पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी पर 5-5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है। अब माना जा रहा है कि यह आदेश उनकी प्रॉपर्टी कुर्की की दिशा में अगला कानूनी कदम है।
❗ दो नई शिकायतें भी पहुंचीं पुलिस तक
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में दो और पीड़ितों ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिनमें बताया गया कि आरोपियों ने न केवल रकम वसूली, बल्कि उनकी जमीन और प्रॉपर्टी पर कब्जे की धमकी दी। पीड़ितों ने कहा कि आरोपियों के पास उनके जमीन के दस्तावेज और कोरे चेक हैं, जिन्हें वे वापस नहीं कर रहे।
🏠 सीएसपी खुद पहुंचे थे आरोपियों के घर
रविवार को सीएसपी पुरानी बस्ती राजेश देवांगन खुद गिरफ्तारी वारंट लेकर भाठागांव स्थित साईं विला पहुंचे थे। लेकिन आरोपी घर में नहीं मिले। पुलिस ने घर पर वारंट चिपका दिया और कोर्ट को वारंट की तामीली की जानकारी दी।
अब कोर्ट ने 18 अगस्त तक का समय देते हुए घोषणा जारी की है, जिसके बाद आरोपी सामने नहीं आते हैं तो अघोषित कुर्की की कार्रवाई तय मानी जा रही है।
🔍 पुलिस का बयान
टीआई पुरानी बस्ती ने बताया कि,
> “शिकायतों की जांच जारी है। दस्तावेजी और तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। बहुत जल्द अन्य मामलों में भी आरोपियों के खिलाफ नए अपराध दर्ज होंगे।”










