PM आवास योजना में गड़बड़ी पर कार्रवाई: ग्राम रोजगार सहायक की सेवा समाप्त

0
28

मोहला। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने अनियमितता के मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत परालझरी के ग्राम रोजगार सहायक जितेंद्र कुमार कुमेटी की सेवा समाप्त कर दी है। यह कार्रवाई प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की राशि के भुगतान में गड़बड़ी पाए जाने के बाद की गई।

जानकारी के अनुसार, हितग्राही रामूलाबाई धुर्वे को आवास निर्माण के लिए देय 30 हजार रुपये की किश्त राशि का भुगतान नहीं किए जाने की शिकायत 4 अक्टूबर 2025 को आयोजित ग्राम सभा में सामने आई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रोजगार सहायक द्वारा हितग्राही से कई बार अंगूठा लगवाया गया, लेकिन राशि का भुगतान नहीं किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जनपद पंचायत स्तर पर जांच दल गठित किया गया। 29 अक्टूबर 2025 को किए गए स्थलीय सत्यापन में शिकायत सही पाई गई। इसके बाद संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, लेकिन उसका जवाब संतोषजनक नहीं मिला।

प्राप्त तथ्यों और अपर्याप्त स्पष्टीकरण के आधार पर कलेक्टर एवं मनरेगा के कार्यक्रम समन्वयक की स्वीकृति के बाद जनपद पंचायत मानपुर द्वारा सेवा समाप्ति की कार्रवाई की गई।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनकल्याणकारी योजनाओं की राशि पारदर्शिता के साथ समय पर हितग्राहियों तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here