
महासमुंद। नेशनल हाईवे-53 पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बसना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला बसना थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, हादसा छुईपाली टोल प्लाजा के पास हुआ। गौरटेक निवासी परमानंद भोई (60) और उपेश नाग (34) देर रात बाइक से नेशनल हाईवे-53 से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया है। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच जारी है। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में शोक का माहौल है।










