
दुर्ग। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से दुर्ग यातायात पुलिस द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-53 (दुर्ग–रायपुर मार्ग) पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान ओवरस्पीडिंग और रैश ड्राइविंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 52 प्रकरणों में चालान किया गया।
दिनांक 20 फरवरी 2026 को यातायात पुलिस ने NH-53 के चिन्हित ग्रे एवं ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में इंटरसेप्टर वाहन, स्पीड गन और कैमरा उपकरण की मदद से वाहनों की गति पर नजर रखी। निर्धारित गति सीमा से अधिक गति पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 112/183(1A) के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
जो वाहन चालक मौके पर नहीं रुके, उनके खिलाफ ई-चालान जारी कर वैधानिक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान इंटरसेप्टर टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने लगातार निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, तेज एवं लापरवाही से वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।










