
रायपुर। राष्ट्रीय स्तर की GATE परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने की साजिश का रायपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस कमिश्नरेट की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना डीडी नगर में मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि आयन डिजिटल जोन, सरोना स्थित परीक्षा केंद्र के आसपास कुछ लोग इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल और डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में थाना डीडी नगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित कर निगरानी शुरू की गई।
जांच के दौरान परीक्षा केंद्र के बाहर संदिग्ध स्थिति में मौजूद व्यक्तियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। उनके पास से नकल कराने में उपयोग होने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले। पूछताछ में खुलासा हुआ कि परीक्षा हॉल के अंदर बैठे अभ्यर्थियों को सूक्ष्म ब्लूटूथ डिवाइस उपलब्ध कराए गए थे। परीक्षार्थी प्रश्न पढ़ते थे, जिसे बाहर बैठे आरोपी गूगल पर सर्च कर उत्तर तैयार कर ब्लूटूथ के माध्यम से अंदर भेजते थे। इसके लिए अभ्यर्थियों से मोटी रकम ली जाती थी।
बरामद सामग्री:
- 03 सूक्ष्म ब्लूटूथ ईयर डिवाइस
- 04 ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस
- 08 मोबाइल फोन
- 03 सिम कार्ड

अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं नकल से संबंधित सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 112/2026 के तहत धारा 318(2), 61(2) बीएनएस, आईटी एक्ट एवं लोक परीक्षा अनुचित साधन निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
दर्शन सहवाग, सुमित सहवाग, लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की, अमर, नरेंद्र कुमार और बंटी कुमार (सभी हरियाणा निवासी)।

पुलिस का कहना है कि इस तरह की हाईटेक नकल के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।










