EMI के दबाव में ट्रक मालिक बना चोर, 900 कट्टा धान चोरी का खुलासा; चार गिरफ्तार

0
33

बालोद। जिले के मालीघोरी क्षेत्र में पिछले महीने हुई हाई-प्रोफाइल धान चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ट्रक की किस्त (EMI) नहीं चुका पाने के दबाव में एक ट्रक मालिक ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर 900 कट्टा धान से भरे ट्रक की चोरी की साजिश रची थी। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का धान, वारदात में प्रयुक्त ट्रक और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।

एएसपी मोनिका ठाकुर के अनुसार, 16 जनवरी को ग्राम मालीघोरी स्थित धर्मकांटा के पास से धान से भरा ट्रक (CG 08 AV 1711) अज्ञात लोगों द्वारा चोरी कर लिया गया था। आरोपी ट्रक को दमकसा बड़भूम क्षेत्र तक ले गए और वहां वाहन छोड़कर उसमें लदे 900 कट्टों में से 280 कट्टा शासकीय धान अपने निजी ट्रक में शिफ्ट कर लिया। मामले में धारा 316(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में मुख्य आरोपी नेतराम देवांगन ने बताया कि वह दो ट्रकों की किस्त नहीं चुका पा रहा था और फाइनेंस कंपनी के दबाव से परेशान था। कर्ज चुकाने के लिए उसने तीन दिनों तक क्षेत्र की रेकी की और मौका मिलते ही चाबी लगे ट्रक को चोरी कर लिया।

पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपियों ने चोरी किए गए ट्रक का GPS सिस्टम तोड़कर फेंक दिया। वहीं शासकीय धान की पहचान छिपाने के लिए सरकारी बारदानों को बदलकर धान को स्थानीय बोरों में भरकर अपने ससुराल ग्राम कंगलूटोला में छिपा दिया गया था।

पुलिस ने ग्राम कोरगुडा निवासी नेतराम देवांगन (37), काशीराम देवांगन (32), तरुण उर्वसा उर्फ लल्ला (25) और धर्मेंद्र धनकर (27) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 179 कट्टा धान तथा वारदात में इस्तेमाल ट्रक (CG 08 AQ 7884) जब्त किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here