
गरियाबंद। थाना छुरा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गांजा और वन्य जीव हिरण की खाल बेचने की फिराक में बैठे एक पति-पत्नी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.5 किलो गांजा और हिरण की पुरानी खाल बरामद की गई है।
क्या है पूरा मामला?
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा अवैध गांजा, शराब और वन्य जीवों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में सख्त निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में थाना छुरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कनसिंघी स्थित शिव मंदिर के पास एक महिला और एक पुरुष संदिग्ध अवस्था में बिक्री के उद्देश्य से गांजा और हिरण की खाल लेकर ग्राहक का इंतज़ार कर रहे हैं।
घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा गया
पुलिस ने तत्काल एक टीम गठित कर बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्धों की घेराबंदी की। मौके से एक महिला और एक पुरुष को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान क्रमशः खिलावन दास वैष्णव (उम्र 42 वर्ष) और सेवती बाई वैष्णव (उम्र 40 वर्ष) के रूप में दी, जो ग्राम कनसिंघी थाना छुरा के निवासी हैं।
क्या-क्या मिला आरोपियों के पास?
गांजा (मादक पदार्थ): 1.5 किलो (अनुमानित कीमत ₹15,000)
वन्य जीव हिरण की पुरानी खाल: कीमत लगभग ₹50,000
इन दोनों सामग्रियों को पुलिस ने मौके से जब्त कर लिया है।
दर्ज की गई धाराएं
दोनों आरोपियों के खिलाफ निम्न धाराओं के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है:
NDPS Act: धारा 20(ख)
वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972: धारा 39(ए)(बी), 50, 51, 49(ए), 49(बी)
भारतीय न्याय संहिता (BNS): धारा 3(5)
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
थाना छुरा पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई को अंजाम देने में थाना छुरा पुलिस टीम की सतर्कता और सक्रियता अहम रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की कार्यप्रणाली की सराहना की है।










