
मनेन्द्रगढ़। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ में भरतपुर-सोनहत भाजपा की एल्डरमैन नियुक्तियों को लेकर पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आ गया। जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान सांस्कृतिक भवन (दुर्गा पंडाल) के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए पार्टी जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले के खिलाफ नारेबाजी की।
जिलाध्यक्ष के खिलाफ लगे नारे

एल्डरमैन की सूची जारी होने के बाद नाराज कार्यकर्ताओं ने “चंपा तेरी तानाशाही नहीं चलेगी” और “मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाकर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का आरोप है कि एल्डरमैन नियुक्तियों में लंबे समय से संगठन के लिए काम कर रहे स्थानीय कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई है।
स्थानीय कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सूची में ऐसे लोगों को शामिल किया गया है, जो संबंधित क्षेत्र के मतदाता भी नहीं हैं। उन्होंने नियुक्तियों में पक्षपात और मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा से संगठन में नाराजगी बढ़ रही है।
कार्यकर्ताओं ने नियुक्तियों की समीक्षा कर स्थानीय और सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने की मांग की है।
इन नेताओं ने लिया प्रदर्शन में हिस्सा
विरोध प्रदर्शन में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष एवं वर्तमान पार्षद धीरेंद्र विश्वकर्मा, पार्षद इरशाद अहमद, जितेंद्र गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष विनोद गुप्ता सहित हसदेव मंडल के झगराखंड, लेदरी और खोंगापानी क्षेत्र के बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
जिलाध्यक्ष की प्रतिक्रिया का इंतजार
फिलहाल, इस पूरे मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।










