Durg News: 3 हजार से ज्यादा किसानों को मिलेगा करोड़ों का ऋण, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की बैठक में बड़ा फैसला

0
27

दुर्ग। CG DASTAK 

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग की ऋण उप समिति की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिले के किसानों, पशुपालकों, मत्स्य पालकों तथा महिला स्वयं सहायता समूहों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए करोड़ों रुपये के विभिन्न ऋण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

करीब 3 हजार किसानों को मिलेगा फसल ऋण

बैठक में वर्ष 2026-27 से 2028-29 के लिए 402 सहकारी समितियों से जुड़े 2,951 किसानों को 30.69 करोड़ रुपये की पूरक फसल ऋण साख सीमा स्वीकृत की गई।

इसके अलावा—

17 किसानों को गन्ना उत्पादन के लिए 40.69 लाख रुपये,

3 किसानों को कपास उत्पादन के लिए 0.41 लाख रुपये,

28 सब्जी एवं मसाला उत्पादक किसानों को 39.89 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया।

पशुपालन और मत्स्य पालन को भी बढ़ावा

बैठक में पशुपालन और अन्य कृषि आधारित गतिविधियों के लिए भी ऋण स्वीकृत किए गए।

243 गौपालकों को केसीसी के तहत 4.89 करोड़ रुपये,

4 मत्स्य पालकों को 9.50 लाख रुपये,

8 बकरी एवं कुक्कुट पालकों को 16.24 लाख रुपये,

2 किसानों को ट्रैक्टर खरीदने के लिए 15.45 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया।

महिला समूहों को भी मिली आर्थिक सहायता

बैठक में गोल्डन क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 2 किसानों को 10 लाख रुपये, मध्यकालीन सामान्य ऋण योजना के अंतर्गत 5 किसानों को 14.06 लाख रुपये तथा 16 महिला स्वयं सहायता समूहों को 20.50 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। इसके अलावा अन्य हितग्राहियों को भी उनकी आवश्यकता के अनुसार अकृषि ऋण मंजूर किए गए।

योजनाओं के प्रचार-प्रसार के निर्देश

बैठक में बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य विभाग की विभिन्न योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक किसान बैंक की योजनाओं का लाभ उठा सकें।

बैठक में बैंक उपाध्यक्ष नरेश यदु, उप संचालक कृषि संदीप कुमार भोई, नाबार्ड के डीडीएम अंशु गोयल, सहायक पंजीयक सहकारिता शिवांगी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस.के. वर्मा, अतिरिक्त मुख्य पर्यवेक्षक कुसुम ठाकुर तथा शाखा प्रबंधक एस.पी. वाहने सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here