
रायपुर/ cg dastak
सरगुजा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि रामगढ़ केवल एक सांस्कृतिक आयोजन का केंद्र नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परंपरा, प्रकृति पूजा, आस्था, इतिहास और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक है। सरगुजा जिले में आयोजित दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव-2026 के समापन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने रामगढ़ के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये देने और उदयपुर एवं डूमरडीह को मिलाकर नगर पंचायत बनाने की घोषणा की।

रामायण और कालिदास से जुड़ा है रामगढ़
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनश्रुतियों के अनुसार वनवास काल में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण ने इस क्षेत्र में समय बिताया था। सीताबेंगरा गुफा आज भी आस्था का प्रमुख केंद्र है, जबकि जोगीमारा गुफा अपनी प्राचीन भित्तिचित्र कला के लिए विश्व प्रसिद्ध है।
उन्होंने कहा कि सीताबेंगरा भारत की सबसे प्राचीन नाट्यशालाओं में से एक मानी जाती है और महाकवि कालिदास द्वारा मेघदूतम् की रचना भी इसी क्षेत्र में किए जाने का उल्लेख मिलता है।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार रामगढ़, सीताबेंगरा और जोगीमारा जैसी ऐतिहासिक धरोहरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। यहां पर्यटक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक इस क्षेत्र के इतिहास, संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य से परिचित हो सकें।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी रामगढ़ महोत्सव का आयोजन इसी भव्यता के साथ किया जाएगा।
पहाड़ी कोरवा बच्चों का कराया स्कूल प्रवेश
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के छह बच्चों का विद्यालय में प्रवेश कराया। उन्होंने बच्चों को तिलक लगाकर मिठाई खिलाई और स्कूल बैग, पानी की बोतल सहित अध्ययन सामग्री वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
टूरिज्म इन्फ्लुएंसर्स हुए सम्मानित
मुख्यमंत्री ने 26 से 30 जून के दौरान सरगुजा के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर डॉक्यूमेंट्री तैयार करने वाले टूरिज्म इन्फ्लुएंसर्स को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
मंत्रियों ने भी रखे विचार
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि रामगढ़ महोत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और लोककला के संरक्षण का सशक्त माध्यम है। वहीं कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि लगभग 50 वर्षों से आयोजित हो रहा यह महोत्सव ऐतिहासिक, पौराणिक और पुरातात्विक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
समापन समारोह में विधायक प्रबोध मिंज, रामकुमार टोप्पो, शकुंतला पोर्ते, उद्देश्वरी पैंकरा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।










