CG News: उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में शिकारी गिरफ्तार, चीतल का मांस और शिकार का सामान बरामद

0
9

News:गरियाबंद। Cg dustak 

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की एंटी पोचिंग टीम ने वन्यजीव शिकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उदंती कोर क्षेत्र के ग्राम अमाड़ से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के घरों से चीतल का मांस, खून से सने तीर, खरगोश के फंदे, मयूर और बाज के पंख सहित शिकार में इस्तेमाल होने वाली कई सामग्री बरामद की गई है।

वन मंत्री केदार कश्यप और उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के निदेशक गुरुनाथन एन. के मार्गदर्शन में गठित एंटी पोचिंग टीम को 21 जून को गोपनीय सूचना मिली थी कि ग्राम अमाड़ में वन्यजीव का शिकार किया गया है। सूचना के आधार पर एंटी पोचिंग टीम, डॉग स्क्वाड और वन परिक्षेत्र उत्तर उदंती (मैनपुर) की संयुक्त टीम ने नरेश कुमार भुजिया और बालाराम सोरी के घरों में दबिश दी।

तलाशी के दौरान टिफिन में रखी चीतल मांस की सब्जी, चार खून से सने तीर, पांच खरगोश के फंदे, सात मयूर पंख, चार बाज के पंख, दो धनुष और दो धनुष गुलेल सहित अन्य शिकार सामग्री बरामद की गई। इसके बाद दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए वन परिक्षेत्र कार्यालय मैनपुर लाया गया।

पूछताछ में आरोपी नरेश कुमार ने 17 जून को तारीपानी घाट क्षेत्र में तीर-धनुष से चीतल का शिकार करना स्वीकार किया। 22 जून को उसे शिकार स्थल की शिनाख्त के लिए मौके पर ले जाया गया। मामले में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जिला एवं अपर सत्र न्यायालय गरियाबंद में पेश किया गया।

जब्त किए गए चीतल मांस के नमूनों को सुरक्षित रखकर फॉरेंसिक जांच के लिए स्कूल ऑफ वाइल्डलाइफ फॉरेंसिक एंड हेल्थ, जबलपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में एंटी पोचिंग टीम के नोडल अधिकारी गोपाल कश्यप, परिक्षेत्र अधिकारी ज्योति ध्रुव, परिक्षेत्र सहायक पुनाराम साहू सहित वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और डॉग स्क्वाड “टीना” की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here