CG News: CM हेल्पलाइन में स्पीड ब्रेकर की शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, उसी मोड़ पर हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत

0
248

बलौदाबाजार। ग्राम करमंदी के अस्थायी मोड़ पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत के बाद सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि इसी मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेतक लगाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, कन्हैया निषाद महिंद्रा ट्रैक्टर में रेत लेकर कुरूद से समोदा की ओर जा रहा था। ट्रैक्टर में खेमराज साहू और एक नाबालिग भी सवार थे। इसी दौरान समोदा से चिखली की ओर आ रही स्कॉर्पियो से करमंदी के अस्थायी मोड़ पर जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक कन्हैया निषाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खेमराज साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार लोगों के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सीएम हेल्पलाइन पर फिर उठाया सवाल

हादसे के बाद शिकायतकर्ता संदीप सिन्हा ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दोबारा संपर्क कर बताया कि उन्होंने 13 जून को इसी मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए स्पीड ब्रेकर बनाने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने हेल्पलाइन पर कहा कि अब तक संबंधित विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की और इसी बीच उसी स्थान पर एक और जानलेवा हादसा हो गया।

ऑडियो बातचीत में संदीप सिन्हा ने कहा कि, “13 तारीख को शिकायत की थी, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आज उसी जगह दुर्घटना हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और अन्य लोग घायल हुए हैं। आखिर यह मौत का तांडव कब तक चलेगा?”

हेल्पलाइन प्रतिनिधि ने उन्हें बताया कि शिकायत संबंधित विभाग को भेज दी गई है और जांच प्रक्रिया जारी है। हालांकि, कार्रवाई कब तक होगी, इसकी जानकारी हेल्पलाइन की ओर से नहीं दी जा सकी।

ग्रामीणों में आक्रोश

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल और ग्रामीणों की लगातार आवाजाही रहती है। तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक और अन्य सड़क सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों और फरार स्कॉर्पियो सवारों की तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here