CG News: ‘ड्रोन दीदी अभियान’ से महिला किसान बनेंगी ड्रोन पायलट, मुख्यमंत्री साय ने 5 सदस्यीय दल को किया रवान

0
8

रायपुर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ में कृषि क्षेत्र को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और महिला किसानों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। ‘ड्रोन दीदी अभियान’ के तहत महिला कृषकों के पांच सदस्यीय दल को ड्रोन पायलट प्रशिक्षण के लिए रायपुर रवाना किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुनकुरी स्थित कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र परिसर से दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कृषि में आधुनिक तकनीकों का उपयोग समय की आवश्यकता है। ड्रोन तकनीक के माध्यम से फसलों पर उर्वरक और कीटनाशकों का छिड़काव कम समय में अधिक सटीकता और प्रभावशीलता के साथ किया जा सकता है। इससे किसानों का समय, श्रम और लागत कम होगी, वहीं उत्पादन की गुणवत्ता और उत्पादकता में भी वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा कि ‘ड्रोन दीदी अभियान’ केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, आधुनिक कृषि और ग्रामीण आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रशिक्षण के दौरान महिला किसानों को ड्रोन संचालन, रखरखाव, सुरक्षा मानकों और कृषि कार्यों में ड्रोन के व्यावहारिक उपयोग की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

प्रशिक्षण के बाद महिलाएं ड्रोन पायलट के रूप में कार्य कर सकेंगी और अन्य किसानों को भी आधुनिक तकनीक आधारित खेती अपनाने के लिए प्रेरित करेंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीक आधारित कृषि सेवाओं का विस्तार होगा तथा महिलाओं के लिए स्वरोजगार और अतिरिक्त आय के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना ग्रामीण विकास और समृद्ध कृषि व्यवस्था की कल्पना अधूरी है। यह अभियान महिलाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर कृषि क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के साथ-साथ “तकनीक से सशक्त महिला, समृद्ध किसान और विकसित कृषि” के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here