
राजनांदगांव। CG DASTAK
जिले के मनगटा स्थित विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए रिसॉर्ट संचालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट को भी सील कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में रिसॉर्ट संचालक आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु (26), छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख (25) और घनश्याम बेलचंदन (25) शामिल हैं। तीनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 64 (दुष्कर्म), धारा 115(2) (स्वेच्छा से गंभीर चोट पहुंचाना) और धारा 3(5) (साझा आपराधिक मंशा) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
जांच में सामने आया कि 17 जून को आरोपी युवती को अपने साथ रायपुर ले गए, जहां एक क्लब में पार्टी की गई। इसके बाद सभी देर रात मनगटा स्थित विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट पहुंचे और वहां भी पार्टी जारी रही। पुलिस के अनुसार, युवती के नशे की हालत में होने का फायदा उठाकर रिसॉर्ट संचालक आशुतोष ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया, जिससे उसे गंभीर चोटें भी आईं।
अगली सुबह 18 जून को युवती बाथरूम में मृत मिली। घटना के बाद आरोपी घबरा गए और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यदि जांच के दौरान अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उनके आधार पर आगे भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।










