
रायपुर (CG Dastak): राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 किलो 380 ग्राम गांजा के साथ एक महिला समेत दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एक्सप्रेसवे के पास से गांजा के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार
दिनांक 16 मई की शाम एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के पास एक्सप्रेसवे रोड पर कुछ संदिग्ध व्यक्ति गांजा लेकर कहीं जाने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर गंज थाना और साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी और दो लोगों को संदिग्ध हालत में पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम मोह. जावेद शेख (30) और शबनम आरा शेख (35) निवासी सुंदरगढ़, उड़ीसा बताया। तलाशी में उनके बैग से 18 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये आंकी गई है।
प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना गंज में अपराध क्रमांक 128/25, धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
इस कार्रवाई को पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अंजाम दिया गया। कार्रवाई में एंटी क्राइम यूनिट के प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पांडे, थाना प्रभारी यशवंत प्रताप सिंह, और उनकी टीम के सदस्यों की अहम भूमिका रही।
CG Dastak से जुड़े रहिए – नशे के खिलाफ जारी इस मुहिम की हर अपडेट आप तक सबसे पहले पहुंचेगी।










