कांकेर में नक्सलियों के मंसूबे नाकाम: जंगल में छिपाए 4 IED बरामद, 4 नक्सली स्मारक भी जवानों ने ध्वस्त किए

0
22

पखांजूर/कांकेर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है। कांकेर जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने हापाटोला-बीनागुंडा के जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सलियों के डंप से कई आईईडी, नक्सली वर्दी और अन्य सामग्री बरामद की है, वहीं कलपर और आमाटोला में बनाए गए 4 नक्सली स्मारकों को भी ध्वस्त कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त टीम 15 मार्च को सर्चिंग अभियान के लिए छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के जंगलों में निकली थी। इसी दौरान ग्राम हापाटोला-बीनागुंडा के पहाड़ी जंगल में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप का पता चला।

डंप से मिले कई आईईडी और नक्सली सामग्री

सर्चिंग के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से लगाए गए 3 प्रेशर कुकर आईईडी और 1 पाइप आईईडी बरामद किए। इनमें एक 10 किलो और दो 5-5 किलो के प्रेशर कुकर आईईडी शामिल हैं।
इसके अलावा मौके से बिजली वायर का बंडल, 3 नक्सली वर्दी, फटाखा, नक्सली साहित्य और अन्य नक्सली सामग्री भी बरामद की गई।

मौके पर ही नष्ट किए गए आईईडी

सुरक्षा की दृष्टि से जवानों ने सभी आईईडी को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की जनहानि या सुरक्षा बलों को नुकसान से बचाया जा सके।

4 नक्सली स्मारक भी किए ध्वस्त

इस अभियान के दौरान जवानों ने ग्राम कलपर और आमाटोला में बनाए गए 4 नक्सली स्मारकों को भी ध्वस्त कर दिया। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

सुरक्षा बलों का कहना है कि क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा और जंगलों में सर्चिंग तेज कर दी गई है, ताकि नक्सलियों की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here