दुर्ग में NPS घोटाला: जीवित लोगों को कागजों में मृत दिखाकर 1.19 करोड़ की ठगी, एक गिरफ्तार

0
25

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में राष्ट्रीय पेंशन योजना (NPS) से जुड़ा एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। जीवित लोगों को दस्तावेजों में मृत दर्शाकर फर्जी मृत्यु दावा प्रस्तुत कर करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये की राशि निकाल ली गई। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। यह पूरा मामला पाटन थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, एचडीएफसी बैंक बोकारो (झारखंड) के प्रबंधक ने पाटन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि NPS खातों से फर्जी मृत्यु दावा के आधार पर बड़ी रकम निकाली गई है। शिकायत के बाद दुर्ग पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें खुलासा हुआ कि जिन खाताधारकों को मृत बताया गया था, वे वास्तव में जीवित हैं।

जांच में सामने आया कि दुर्ग निवासी राजेश कन्नौजिया, जो एक ऑनलाइन सेवा केंद्र संचालित करता है, ग्राहकों से आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक संबंधी जानकारी लेकर फर्जी दस्तावेज तैयार करता था। इसके बाद जीवित व्यक्तियों को मृत दिखाकर NPS से क्लेम किया जाता था। इस फर्जीवाड़े में ज्यादातर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को निशाना बनाया गया।

पुलिस जांच में यह भी पाया गया कि फर्जी दावों में संदिग्ध पते, अमान्य QR कोड और बैंक खातों में अनियमित लेन-देन जैसे कई तकनीकी गड़बड़ियां थीं। मामले में HDFC लाइफ के पूर्व कर्मचारी राजेश ठाकुर की भूमिका भी सामने आई है, जो अपने पद का दुरुपयोग कर जाली दस्तावेज अपलोड करता था और गलत सत्यापन करता था।

पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here