मोबाइल टावर से बैटरी चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह गिरफ्तार, जियो कंपनी का इंजीनियर निकला मास्टरमाइंड

0
94

कोंडागांव। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस सनसनीखेज मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि टावर की देखरेख करने वाला इंजीनियर ही चोरी की घटनाओं का मास्टरमाइंड था। कोंडागांव पुलिस ने चोरी करने वाले आरोपियों के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 13 लाख 22 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

ऐसे हुआ खुलासा

पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देशन में जिले में लगातार आपराधिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 1 फरवरी 2026 को प्रार्थी रामकुमार राय ने थाना उरंदाबेड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 जनवरी 2026 को ग्राम भोगापाल स्थित जियो टावर से 72 नग बैटरियां अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई हैं। रिपोर्ट के आधार पर थाना उरंदाबेड़ा में अपराध क्रमांक 01/2026 धारा 3(5), 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

साइबर सेल की भूमिका

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल के मार्गदर्शन में, एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय और उप पुलिस अधीक्षक नरेंद्र पुजारी के पर्यवेक्षण में थाना उरंदाबेड़ा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
साइबर सेल ने टावर डेटा डंप एनालिसिस और पुराने मामलों के अध्ययन के दौरान पाया कि घटना के समय जियो कंपनी का टेक्नीशियन राघवेंद्र साहू आसपास मौजूद था।

इंजीनियर ने कबूला जुर्म

पुलिस द्वारा पूछताछ में राघवेंद्र साहू ने न सिर्फ भोगापाल टावर से बैटरी चोरी करना स्वीकार किया, बल्कि यह भी बताया कि उसने कृष्णा साहू के साथ मिलकर आसपास के अन्य टावरों से भी बैटरियां चुराई हैं। चोरी की गई बैटरियों को रायपुर निवासी कबाड़ी समर मोहम्मद के जरिए राजनांदगांव में आबिद मलिक को बेचा गया।

अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए समर मोहम्मद को रायपुर से और आबिद मलिक को राजनांदगांव से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आबिद मलिक ने बताया कि उसने समर मोहम्मद के कहने पर राघवेंद्र साहू से 72 बैटरियां खरीदी थीं, जिनमें से 48 बैटरियां स्क्रैप में बेच दी गईं, जबकि 24 बैटरियां उसके पास रखी थीं।

क्या-क्या हुआ जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—

  • 24 नग टावर बैटरी (कीमत लगभग 1.72 लाख रुपये)
  • स्क्रैप से प्राप्त 50 हजार रुपये
  • घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन (CG 05 AE 5183) जिसकी कीमत लगभग 11 लाख रुपये

कुल मिलाकर 13 लाख 22 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. राघवेंद्र कुमार साहू – जियो कंपनी का टेक्नीशियन, निवासी भखारा, जिला धमतरी
  2. कृष्णा कुमार साहू – निवासी भखारा, जिला धमतरी
  3. समर मोहम्मद मालिक – निवासी मेरठ (उत्तर प्रदेश), हाल रायपुर
  4. आबिद मलिक – निवासी उत्तर प्रदेश, हाल राजनांदगांव

सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है और आगे और खुलासे हो सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here