
कोरबा। बर्खास्तगी से आहत नगर सेना के जवान द्वारा आत्महत्या की कोशिश के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में नगर सेना के जवान नगर सेना कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी जवान जिला सेनानी अनुज एक्का के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़े हुए हैं।
जवानों का आरोप है कि जिला सेनानी अनुज एक्का द्वारा बर्खास्तगी की कार्रवाई से आहत होकर नगर सेना के जवान संतोष पटेल ने कलेक्टोरेट परिसर में जहर सेवन कर आत्महत्या की कोशिश की। घटना के बाद संतोष पटेल की हालत गंभीर हो गई, जिसे पहले मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा में भर्ती कराया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। फिलहाल रायपुर में उसका इलाज जारी है।
सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप
बताया गया है कि संतोष पटेल ने सुसाइड नोट लिखकर जहर सेवन किया था, जिसमें उसने डिविजनल कमांडेंट और कोरबा कमांडेंट पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस सुसाइड नोट के सामने आने के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है।
पहले भी लग चुके हैं आरोप
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही महिला नगर सैनिकों ने भी जिला सेनानी अनुज एक्का के खिलाफ मोर्चा खोला था। महिला जवानों ने भी मानसिक उत्पीड़न और अनुचित व्यवहार के आरोप लगाए थे, जिसके बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
बहाली और एफआईआर की मांग
प्रदर्शन कर रहे नगर सेना के जवानों का कहना है कि
- बर्खास्त जवान संतोष पटेल को तत्काल बहाल किया जाए,
- जिला सेनानी अनुज एक्का के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए,
- और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन के चलते कार्यालय परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।










