
कोरबा | 26 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। नगर सेना (होमगार्ड) के एक जवान ने कथित बर्खास्तगी और मानसिक प्रताड़ना से आहत होकर कलेक्टर परिसर में जहर सेवन कर आत्महत्या की कोशिश की। घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
पीड़ित जवान को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी जान बचाने में जुटी हुई है।
कलेक्टर परिसर में जहर सेवन, मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, नगर सैनिक की पहचान संतोष पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से नौकरी से बर्खास्त किए जाने को लेकर मानसिक तनाव में था। इसी तनाव के चलते वह कलेक्टर परिसर पहुंचा और वहां जहर का सेवन कर लिया।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने जब उसकी हालत बिगड़ती देखी तो तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
सुसाइड नोट बरामद, अधिकारियों पर गंभीर आरोप
पुलिस को पीड़ित जवान के पास से सुसाइड नोट मिला है, जिसने मामले को और गंभीर बना दिया है। नोट में संतोष पटेल ने डिविजनल कमांडेंट और कोरबा कमांडेंट पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। उसने लिखा है कि उसे लगातार दबाव में रखा गया और बिना उचित सुनवाई के बर्खास्तगी की कार्रवाई की गई, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गया।

अस्पताल में नगर सैनिकों की भारी भीड़
घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में नगर सेना के जवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंच गए। साथी जवान की हालत को लेकर उनमें भारी आक्रोश और चिंता देखी गई। कई जवानों ने इस घटना को सिस्टम की विफलता बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पहले भी उठ चुके हैं सवाल
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब हाल ही में जिले में महिला नगर सैनिकों द्वारा जिला सेनानी के खिलाफ विशाखा समिति में शिकायत दर्ज कराई गई थी। उन शिकायतों में भी मानसिक उत्पीड़न और अनुचित व्यवहार के आरोप लगाए गए थे।
राजनांदगांव की घटना से जुड़ रहे तार
गौरतलब है कि इससे पहले राजनांदगांव जिले में भी एक नगर सैनिक द्वारा आत्महत्या का मामला सामने आ चुका है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने नगर सेना के जवानों की मानसिक स्थिति और विभागीय दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रशासन की ओर से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है।










