
जशपुर। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक अनोखा और चर्चा का विषय बना मामला सामने आया है। पत्थलगांव थाना परिसर में सोमवार को दो प्रेमी जोड़ों ने थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में विधिवत विवाह कर लिया। इस दौरान दूल्हा-दुल्हन ने सात फेरे लिए और भगवान भोलेनाथ के समक्ष एक-दूसरे को जीवनसाथी स्वीकार किया।

शादी की रस्मों के बाद दूल्हे ने दुल्हन की मांग में सिंदूर भरकर वैवाहिक बंधन को पूर्ण किया। यह दृश्य थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों के लिए कौतूहल और चर्चा का विषय बना रहा।
परिजनों के विरोध के बावजूद लिया शादी का फैसला
जानकारी के अनुसार, एक प्रेमी युगल को शादी से पहले परिजनों के विरोध और झूमा-झटकी का भी सामना करना पड़ा था, लेकिन दोनों बालिग होने के कारण अपने फैसले पर अडिग रहे और साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया।
वहीं दूसरा प्रेमी युगल करीब एक साल से प्रेम संबंध में था। उन्होंने बालिग होने के आधार पर थाना पत्थलगांव में आवेदन देकर सुरक्षा और विवाह की अनुमति मांगी थी।
पुलिस बनी साक्षी
इस अनोखे विवाह के दौरान पुलिसकर्मी भी साक्षी बने। थाना परिसर में मौजूद लोगों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ये हैं नवविवाहित जोड़े
- अमाकानी निवासी पल्लवी मरकाम ने गोढ़ीकला निवासी निर्मल लहरे के साथ शिव मंदिर में विवाह किया।
- वहीं प्रेमनगर निवासी रानुराधा नामदेव ने रामकुमार विश्वकर्मा के साथ जीवनभर साथ निभाने की कसमें खाईं।
इस अनोखी शादी ने यह संदेश दिया कि जब दोनों पक्ष बालिग हों और सहमति से फैसला लें, तो कानून और समाज दोनों की जिम्मेदारी बनती है कि उन्हें सुरक्षा और सम्मान मिले।










