छत्तीसगढ़ विधानसभा शीतकालीन सत्र: शिक्षा विभाग में शनिवार–रविवार की छुट्टी रद्द, सवालों के समय पर जवाब के सख्त निर्देश

0
164

रायपुर। विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़ा निर्णय लेते हुए अधीनस्थ कार्यालयों की शनिवार और रविवार की छुट्टी रद्द कर दी है। लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से सभी संभागीय संयुक्त संचालक और जिला शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी कर कहा गया है कि विधानसभा में विधायकों द्वारा पूछे गए सवालों के उत्तर नियत समय सीमा में उपलब्ध कराना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सत्र के दौरान आने वाले प्रश्नों के जवाब तैयार करने और समय पर शासन को भेजने के लिए शासकीय कार्यालय शनिवार और रविवार को भी खुले रहेंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ईमेल और अन्य माध्यमों से प्राप्त हर प्रश्न पर तुरंत कार्यवाही करें, पुराने सत्रों के लंबित प्रश्न, आश्वासन, ध्यानाकर्षण और शून्यकाल से जुड़े विषयों का रिकॉर्ड भी अपडेट रखें और उत्तर में किसी प्रकार की देरी न होने दें।

लोक शिक्षण संचालनालय ने चेतावनी दी है कि विधानसभा सत्र के दौरान जानकारी भेजने में लापरवाही या विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने यह भी निर्देश दिया है कि प्रश्नों के उत्तर पूर्व में दिए गए जवाबों से सामंजस्य रखते हुए तैयार किए जाएं, आवश्यकतानुसार मंत्री स्तर की समीक्षा के लिए अधिकारी हर समय उपलब्ध रहें और विधानसभा कक्ष के नोडल अधिकारी के साथ सतत संपर्क बनाए रखें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here