
बिलासपुर। जिले के मस्तूरी क्षेत्र में मंगलवार शाम सनसनीखेज गोलीकांड से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। अज्ञात बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने जनपद उपाध्यक्ष और कांग्रेस नेता नितेश सिंह के निजी ऑफिस के सामने फायरिंग कर दी। इस हमले में नितेश सिंह के पास बैठे दो लोग गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायलों को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, तीन नकाबपोश हमलावर बाइक से नहर पार इलाके में स्थित नितेश सिंह के ऑफिस पहुंचे और अचानक दो राउंड फायरिंग की। गोली लगने से नितेश सिंह के रिश्तेदार चंद्रकांत सिंह ठाकुर और कर्मचारी राजू ठाकुर घायल हुए। बताया जा रहा है कि गोली सीधे नितेश सिंह की ओर चलाई गई, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
गोलीबारी की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मस्तूरी और तोरवा थाने की टीम मौके पर पहुंची।
एसएसपी रजनेश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हमलावरों की तलाश के लिए पूरे तोरवा-मस्तूरी क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई है। फॉरेंसिक टीम और साइबर यूनिट को जांच में लगाया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फायरिंग के पीछे की वजह—पुरानी रंजिश, राजनीतिक विवाद या व्यक्तिगत दुश्मनी—की जांच कर रही है।
घटना के बाद से मस्तूरी क्षेत्र में दहशत का माहौल है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है और समर्थक अस्पताल व थाने दोनों जगह बड़ी संख्या में जुट गए हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल दोनों घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।










