
रिपोर्टर : अशोक कुमार, एम सी बी
कोरिया कालरी क्षेत्र में इन दिनों अवैध मादक पदार्थ गांजा की खुलेआम बिक्री ने क्षेत्रवासियों को चिंता में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि कुछ असामाजिक तत्व खुलेआम नशे का कारोबार चला रहे हैं और ग्राहकों को “घर पहुंच सेवा” तक दी जा रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शाम ढलते ही क्षेत्र के कई हिस्सों — खासकर बाजार पारा, झरिया बस्ती और आसपास की गलियों — में संदिग्ध युवकों की आवाजाही बढ़ जाती है। ये युवक नशे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर सप्लाई करते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इस अवैध कारोबार में कुछ बाहरी लोगों की भी संलिप्तता है। नशे का जाल अब युवाओं तक फैल गया है, जिससे क्षेत्र के कई परिवार चिंतित हैं।
निवासियों का आरोप है कि पुलिस प्रशासन को जानकारी देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि कोरिया कालरी में फैले इस नशे के नेटवर्क पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि युवा पीढ़ी को इस विनाशकारी रास्ते से बचाया जा सके।










