
रायपुर। CM साय ने टोक्यो में असाकुसा मंदिर के दर्शन किए। X पोस्ट में सीएम साय ने बताया, जापान की राजधानी टोक्यो में आज ऐतिहासिक असाकुसा मंदिर दर्शन का अवसर मिला। यह टोक्यो का सबसे प्राचीन और प्रतिष्ठित मंदिर है, जो शांति और सामर्थ्य का प्रतीक है। मंदिर दर्शन कर छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की खुशहाली और समृद्धि की कामना की, जिससे हमारा राज्य शांति और सामर्थ्य से परिपूर्ण बन सके।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का यह विदेश दौरा भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन , भारत सरकार के आमंत्रण पर आयोजित किया गया है। इस उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश मानचित्र पर स्थापित करना और नए अवसरों को आकर्षित करना है।
कार्यक्रम का विस्तृत रोडमैप
◾टोक्यो (22–24 अगस्त):
मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल जापानी उद्योगपतियों, व्यापार संघों और निवेशकों के साथ इन्वेस्टर कनेक्ट सेशंस व व्यावसायिक बैठकों में हिस्सा लेंगे।
◾ओसाका (25–26 अगस्त):
मुख्यमंत्री वर्ल्ड एक्सपो 2025 में शामिल होंगे। यहां छत्तीसगढ़ पवेलियन के माध्यम से राज्य की समृद्ध विरासत, नवाचार और उभरते उद्योग क्षेत्रों को प्रदर्शित किया जाएगा। पवेलियन में औद्योगिक विकास, नवीकरणीय ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी और सतत विकास को विशेष फोकस में रखा गया है।
◾सियोल, दक्षिण कोरिया (27–29 अगस्त):
दौरे के अंतिम चरण में निवेशक गोलमेज बैठकें होंगी। साथ ही कोरिया की शीर्ष कंपनियों व व्यापार संघों के साथ मुलाकात और सेक्टर-विशेष संवाद भी आयोजित किए जाएंगे।
छत्तीसगढ़ की नई पहचान
अधिकारियों के अनुसार, वर्ल्ड एक्सपो 2025 का छत्तीसगढ़ पवेलियन राज्य की बदलती तस्वीर और भविष्य की आकांक्षाओं की झलक पूरी दुनिया के सामने पेश करेगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य न केवल निवेश आकर्षित करना है, बल्कि दीर्घकालिक साझेदारियाँ स्थापित करना, नए व्यापारिक चैनल खोलना और प्रौद्योगिकी व नवाचार के क्षेत्र में ज्ञान आदान-प्रदान को बढ़ावा देना भी है।











