रायपुर, 22 जुलाई 2025। छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने महासमुंद जिले की उभरती हुई तीरंदाज नवलीन कौर को आगामी राष्ट्रीय खेलों (National Games) में चयनित होने पर बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने नवलीन को एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उनकी मेहनत और आत्मविश्वास अन्य युवाओं के लिए उदाहरण है। उन्होंने कहा, “नवलीन जैसी प्रतिभाएं छत्तीसगढ़ का भविष्य हैं। सरकार हर संभव सहायता से उन्हें खेल के हर स्तर पर निखारेगी।”
जन्म से स्वास्थ्य चुनौतियां, फिर भी हार नहीं मानी
महासमुंद ज़िले के बागबाहरा निवासी नवलीन कौर ने विपरीत परिस्थितियों को अपनी ताकत बनाया। उनका जन्म गर्भावस्था के सातवें महीने में हुआ था, जिससे प्रारंभिक वर्षों में उन्हें स्वास्थ्य संबंधी कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों की जिज्ञासा और चिंता उनके लिए चुनौती बनती गई, लेकिन उन्होंने इसे अपने भीतर की प्रेरणा का स्रोत बना लिया।
बालाश्रम से शुरू हुआ तीरंदाजी का सफर
वर्ष 2018 में नवलीन ने बागबाहरा से पांच किलोमीटर दूर स्थित बिहाझर बालाश्रम से तीरंदाजी का प्रशिक्षण शुरू किया। वे महासमुंद जिले की पहली महिला तीरंदाज बनीं। स्कूली शिक्षा के दौरान दो बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीते और एक बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चौथा स्थान हासिल किया।
साल 2023 में उन्होंने गुजरात में आयोजित एफजीएफआई राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया। इसके साथ ही राज्य स्तरीय सीनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त कर राज्य का नाम रोशन किया।
इंटरनेशनल लेवल पर खेलने का सपना
नवलीन का सपना भारत के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना है। इसके लिए उनके परिजनों ने उन्हें कंपाउंड बो (Compound Bow) जैसे आधुनिक उपकरण भी दिलाए हैं। हाल ही में उन्होंने सिटी ओपन तीरंदाजी प्रतियोगिता में कंपाउंड राउंड बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर शानदार शुरुआत की।
वर्तमान में वे कोच श्री एवन साहू और खेल अधिकारी श्री मनोज धृतलहरे के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिकेट के इस दौर में यदि कोई खिलाड़ी तीरंदाजी जैसे खेल में उत्कृष्टता हासिल कर रहा है, तो यह पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। नवलीन की कहानी साबित करती है कि यदि संकल्प मजबूत हो, तो कोई भी बाधा लक्ष्य को रोक नहीं सकती।
—