
बिलासपुर। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक मेडिकल कारोबारी को ब्लैकमेल कर करीब 4 लाख रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कारोबारी की दुकान में काम करने वाली युवती ने पहले उससे दोस्ती और नजदीकियां बढ़ाईं। इसके बाद दोनों के फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कथित तौर पर लाखों रुपये वसूल लिए। इतना ही नहीं, अब युवती पर कारोबारी को रेप केस में फंसाने की धमकी देकर और पैसे मांगने का भी आरोप है। परेशान होकर कारोबारी ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
नौकरी के दौरान बढ़ी नजदीकियां
पुलिस के मुताबिक, तेलीपारा मेडिकल कॉम्प्लेक्स के विशाल गोयल (48) दवा कारोबारी हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि वर्ष 2015 में तोरवा लॉयल रेसिडेंसी की सुखमति उर्फ प्रिया (35) उनके यहां काम मांगने आई थी। जरूरतमंद होने के कारण उन्होंने उसे अपनी दुकान में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी पर रख लिया।
शादी के बाद पति को छोड़कर लौटी युवती
दुकान में काम करने के दौरान विशाल गोयल और युवती के बीच मेलजोल बढ़ गया। दोनों के बीच फोन पर बातचीत भी होने लगी। आरोप है कि युवती ने कारोबारी से दोस्ती की और दोनों साथ में घूमने भी जाने लगे। इसी दौरान युवती ने अपने मोबाइल में दोनों की तस्वीरें खींचकर रख लीं।

कुछ साल बाद युवती की शादी महाराष्ट्र में हो गई, लेकिन वह अपने पति को छोड़कर वापस लौट आई। इसके बाद वह फिर से विशाल के संपर्क में आ गई।
संबंध रखने से मना किया तो शुरू की ब्लैकमेलिंग
शिकायत के मुताबिक, ससुराल छोड़कर लौटने के बाद युवती ने फिर से कारोबारी को फोन करना शुरू कर दिया। जब विशाल ने उससे संबंध रखने से मना किया तो युवती ने कथित तौर पर दोनों के पुराने फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। साथ ही कारोबारी को बदनाम करने की बात कहकर पैसों की मांग शुरू कर दी।
पहले 2 लाख दिए, फिर किस्तों में ट्रांसफर किए रुपए
कारोबारी के मुताबिक, शुरुआत में बदनामी के डर से उन्होंने युवती को 2 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद भी युवती की मांग बंद नहीं हुई। वह लगातार फोन कर और रुपए मांगती रही।
परेशान होकर कारोबारी ने अलग-अलग किस्तों में ऑनलाइन माध्यम से 2 लाख रुपये से अधिक की रकम और ट्रांसफर कर दी। इस तरह युवती पर करीब 4 लाख रुपये वसूलने का आरोप है।
शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस
लगातार धमकियों और पैसों की मांग से परेशान होकर कारोबारी ने आखिरकार सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और अन्य उपलब्ध सबूतों की जांच के बाद युवती के खिलाफ एक्सटॉर्शन (जबरन वसूली) का मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
CG Dastak – हर खबर, सीधा सच!









