कोरबा में पति की हत्या के लिए पत्नी ने दी थी 50 हजार की सुपारी, पत्नी समेत दोनों आरोपियों को आजीवन कारावास

0

कोरबा। CG DASTAK 

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पति की हत्या की साजिश रचने के मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। पति की हत्या कराने वाली पत्नी और सुपारी लेकर वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। मामले में मृतक की बेटी की गवाही आरोपियों को सजा दिलाने में अहम साबित हुई।

यह मामला दीपका थाना क्षेत्र के ऊर्जानगर का है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश मधु तिवारी की अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर मृतक की पत्नी धनैश्वरी राठे और तुषार सोनी को हत्या का दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई।

घर के सामने लहूलुहान मिला था शव

अभियोजन पक्ष के अनुसार, मृतक जगजीवन राठे ऊर्जानगर स्थित अपने घर में रहते थे। उनके घर के सामने वाले कमरे के दरवाजे के पास वे पीठ के बल लहूलुहान हालत में पड़े मिले थे।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा कर अपराध दर्ज किया गया और मामले की जांच शुरू की गई।

 

पत्नी ने 50 हजार रुपये में दी थी हत्या की सुपारी

पुलिस की जांच और पूछताछ में सामने आया कि मृतक की पत्नी धनैश्वरी राठे ने पति की हत्या की साजिश में भूमिका निभाई थी। जांच के अनुसार, उसने दीपका थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर निवासी तुषार सोनी को 50 हजार रुपये एडवांस देकर पति की हत्या की सुपारी दी थी।

आरोप के मुताबिक, तुषार ने टंगिया से वार कर जगजीवन राठे की हत्या कर दी। वारदात के बाद धनैश्वरी ने उसे 6 हजार रुपये नकद और सोने का हार भी दिया था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रथम अपर सत्र न्यायालय कटघोरा में चालान पेश किया था।

बेटी की गवाही बनी अहम सबूत

सुनवाई के दौरान मृतक की बेटी इस मामले की महत्वपूर्ण गवाह बनी। वह घटना की प्रत्यक्षदर्शी थी। पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया था।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, न्यायालय में प्रतिपरीक्षण के दौरान भी बेटी का बयान महत्वपूर्ण रहा। उसने बताया कि उसकी मां ने ही उसके पिता की हत्या कराई थी।

इसके अलावा अन्य गवाहों के बयान और पुलिस की ओर से प्रस्तुत वैज्ञानिक एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्य भी आरोपियों के खिलाफ गए।

दोनों आरोपियों को आजीवन कारावास

प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश मधु तिवारी ने धनैश्वरी राठे और तुषार सोनी को हत्या का दोषी ठहराया। अदालत ने दोनों आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

मामले की पैरवी अतिरिक्त लोक अभियोजक संजय जायसवाल ने की।

CG Dastak – हर खबर, सीधा सच!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here