
कोरबा। CG DASTAK
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। कटघोरा के मुख्य मार्ग पर स्थित मुरली होटल में ग्राहक की थाली में सांभर के अंदर कीड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खाद्य विभाग हरकत में आया। विभाग की टीम ने होटल पहुंचकर जांच की और अगले आदेश तक होटल बंद रखने का नोटिस जारी कर दिया। साथ ही होटल में खरीद-बिक्री पर भी रोक लगा दी गई है।

ग्राहक की थाली में मिला कीड़ा, नाश्ता छोड़कर लौटे लोग
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह मुरली होटल में कई ग्राहक डोसा और सांभर खा रहे थे। इसी दौरान एक ग्राहक की प्लेट में सांभर के अंदर कीड़ा दिखाई दिया। ग्राहक ने इसकी जानकारी होटल स्टाफ को दी और दूसरे लोगों को भी दिखाया।

शिकायत के बाद होटल कर्मचारियों ने भी सांभर में कीड़ा होने की बात स्वीकार की। घटना से नाराज कुछ ग्राहक अपना नाश्ता अधूरा छोड़कर होटल से बाहर चले गए। इस पूरे मामले का वीडियो ग्राहकों ने बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
खाद्य विभाग की टीम ने किया निरीक्षण
शिकायत और वायरल वीडियो के बाद खाद्य विभाग की टीम शुक्रवार को कटघोरा पहुंची। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत के नेतृत्व में टीम ने मुरली होटल का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान होटल में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के नियमों का पालन भी नहीं किया जा रहा था।

खाद्य अधिकारी विकास भगत के मुताबिक, शिकायत के आधार पर सांभर का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। निरीक्षण में मिली कमियों को देखते हुए होटल संचालक को अगले आदेश तक होटल बंद रखने का नोटिस दिया गया है। होटल में खरीद-बिक्री पर भी रोक लगा दी गई है।
लक्ष्मी डेयरी और शारदा स्वीट्स का भी निरीक्षण
खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान शारदा स्वीट्स का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा कुछ दिन पहले एनटीपीसी क्षेत्र स्थित लक्ष्मी डेयरी के सांभर-वड़ा में भी कीड़ा मिलने की शिकायत सामने आई थी।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
ग्राहकों में नाराजगी, बड़े होटलों की जांच की मांग
घटना के बाद ग्राहकों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि छोटे-बड़े सभी होटल और रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की नियमित जांच होनी चाहिए।
अब देखना होगा कि सांभर के सैंपल की जांच रिपोर्ट में क्या सामने आता है और खाद्य विभाग आगे क्या कार्रवाई करता है।
CG Dastak – हर खबर, सीधा सच!









