
रायगढ़। CG DASTAK
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट करने का मामला सामने आया है। खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम बड़े देवगांव में हुई इस घटना में पुलिस ने आरोपी नागेश कुमार गवेल (29) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 62 वर्षीय रामबाई साहू के घर से नकदी और सोने-चांदी के जेवर लूटे थे। पूछताछ में उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि महिला से 4,500 रुपये उधार नहीं मिलने के बाद उसने लूट की योजना बनाई थी।
आधी रात घर में घुसकर किया हमला
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, रामबाई साहू ग्राम बड़े देवगांव की निवासी हैं। 31 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे वह अपने घर के कमरे में सो रही थीं। रात लगभग डेढ़ बजे उनकी नींद खुली तो उन्होंने एक अज्ञात व्यक्ति को घर की अलमारी से सामान निकालते देखा।
महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर बांस के डंडे से उनके सिर और दोनों हाथों पर हमला कर दिया। इसके बाद वह अलमारी और संदूक में रखी नकदी और जेवर लेकर फरार हो गया।
शिकायत के अनुसार, आरोपी करीब 30 हजार रुपये नकद, लगभग 40 तोला चांदी और 2 तोला सोने के जेवर लेकर भागा था। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
4,500 रुपये उधार नहीं मिलने पर बनाई लूट की योजना
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि घटना की रात ग्राम बड़े देवगांव में डेमलाल उरांव के घर ग्राम बोरदी निवासी नागेश कुमार गवेल मौजूद था।
पुलिस ने संदेह के आधार पर नागेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर लूटपाट करना स्वीकार किया।
आरोपी ने बताया कि 31 अक्टूबर की रात वह अपनी डिस्कवर मोटरसाइकिल से डेमलाल उरांव के घर 4,500 रुपये उधार मांगने गया था। रुपये नहीं मिलने पर वह वापस लौट आया। इसके बाद उसने मेन रोड स्थित सामुदायिक भवन के पास बुजुर्ग महिला के घर में लूट की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को जानकारी थी कि महिला घर में अकेली रहती हैं और उनके घर में पुट्ठी-पोताई का काम चल रहा है। इसी का फायदा उठाकर वह रात में घर में घुसा और वारदात को अंजाम दिया।
नकदी, जेवर और वारदात में इस्तेमाल सामान जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल बांस का डंडा और हथौड़ी भी बरामद की गई। इसके अलावा आरोपी की डिस्कवर मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शेष नकदी और जेवर ग्राम बोरदी मोड़ के पास झाड़ियों में एक पेड़ के नजदीक छिपाने की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बताए गए स्थान पर तलाश की, लेकिन शेष सामान बरामद नहीं हो सका।
आरोपी ने शेष 25 हजार रुपये, 2 तोला सोना और 40 तोला चांदी छिपाने की बात बताई थी। पुलिस इस संबंध में आगे जांच कर रही है।
आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने नागेश कुमार गवेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। ऐसी घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।









