रायगढ़ में राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज, 8 क्लस्टरों के 515 खिलाड़ी दिखा रहे दमखम

0

रायगढ़।CG DASTAK

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा ब्लॉक स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छर्राटांगर में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस आयोजन में प्रदेश के आठ क्लस्टरों के करीब 515 बालक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

शुभारंभ अवसर पर सांसद राधेश्याम राठिया ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन टेबल टेनिस, शॉट पुट, खो-खो, शतरंज और पारंपरिक योग सहित कई खेलों के परिणाम सामने आए।

आठ क्लस्टरों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

प्रतियोगिता में बलरामपुर, बस्तर, धमतरी, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़, कांकेर, सरगुजा और सुकमा क्लस्टर के खिलाड़ी शामिल हैं। आयोजन का उद्देश्य जनजातीय विद्यार्थियों को राज्य स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है।

टेबल टेनिस में रायगढ़ के सागर ध्रुव ने जीता स्वर्ण

अंडर-14 बालक एकल टेबल टेनिस स्पर्धा में रायगढ़ के सागर ध्रुव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। फाइनल में उन्होंने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के विनायक पैंकरा को 3-0 से हराया।

सागर ने पहला सेट 15-13, दूसरा सेट 11-9 और तीसरा सेट 11-7 से जीता। विनायक पैंकरा दूसरे स्थान पर रहे, जबकि सरगुजा के रूपेश कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया।

शॉट पुट में शिवम सिरसो और सुरेंद्र कोला बने विजेता

अंडर-19 बालक शॉट पुट स्पर्धा में धरमजयगढ़ के शिवम सिरसो ने 9.99 मीटर गोला फेंककर पहला स्थान हासिल किया। वाड्रफनगर के बलदेव सिंह ने 9.72 मीटर के साथ दूसरा और धमतरी के भावेश ने 8.85 मीटर के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।

वहीं, अंडर-14 बालक शॉट पुट में कांकेर क्लस्टर के सुरेंद्र कोला ने 11.53 मीटर गोला फेंककर स्वर्ण पदक जीता। सुकमा के रेनूराम दूसरे और धमतरी के जीव्रा खान तीसरे स्थान पर रहे।

खो-खो के फाइनल में कांकेर ने धमतरी को हराया

खो-खो प्रतियोगिता में आठ क्लस्टरों की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला कांकेर और धमतरी क्लस्टर के बीच खेला गया। इसमें कांकेर की टीम ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।

पूरे मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह, अनुशासन और टीम भावना देखने को मिली।

शतरंज में आकाश टोप्पो और नारद सिंह ने हासिल किया पहला स्थान

अंडर-14 बालक शतरंज वर्ग में एकलव्य विद्यालय मैनपाट के आकाश टोप्पो ने पहला स्थान प्राप्त किया। भोरिंग के कुणाल ठाकुर दूसरे और अंतागढ़ के तामेश्वर कोरेटी तीसरे स्थान पर रहे।

अंडर-19 शतरंज वर्ग में बलरामपुर के नारद सिंह विजेता बने। अंतागढ़ के साहिल कुमार नरेटी ने दूसरा और मैनपुर के येसुर्या ध्रुव ने तीसरा स्थान हासिल किया।

पारंपरिक योग में सरगुजा और बलरामपुर के खिलाड़ियों का प्रदर्शन

अंडर-19 पारंपरिक योग स्पर्धा में सरगुजा के प्रियांजल एक्का ने स्वर्ण पदक जीता। बलरामपुर के प्रिंस सूर्यवंशी दूसरे और रायगढ़ के दुकेश कुमार तीसरे स्थान पर रहे।

अंडर-14 वर्ग में सरगुजा क्लस्टर के लुंड्रा के अभय मिंज ने पहला स्थान प्राप्त किया। कांकेर क्लस्टर के आदित्य कुमार नेताम दूसरे और बलरामपुर क्लस्टर के अविनाश सिंह तीसरे स्थान पर रहे।

बास्केटबॉल के सेमीफाइनल में चार क्लस्टरों ने बनाई जगह

अंडर-19 बालक बास्केटबॉल प्रतियोगिता में सात टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें कांकेर, बलरामपुर, बस्तर और सुकमा क्लस्टर की टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।

इसके अलावा प्रतियोगिता में कबड्डी, वॉलीबॉल और फुटबॉल सहित अन्य खेलों के मुकाबले भी आयोजित किए जा रहे हैं।

तीन दिनों तक चलेगा खेलों का आयोजन

विद्यालय के प्राचार्य मनीराम जांगड़े ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो और बास्केटबॉल सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया।

तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता से विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने, प्रतिस्पर्धा का अनुभव हासिल करने और राज्य स्तर पर प्रदर्शन करने का अवसर मिल रहा है।

CG Dastak — हर खबर, सीधा सच!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here