
रायगढ़। CG DASTAK
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास देर रात लूटपाट के दौरान एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, बिरयानी खाने के लिए पैसे जुटाने के इरादे से पहुंचे पांच आरोपियों ने एक व्यक्ति को निशाना बनाया। विरोध करने पर उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने एक युवक और चार नाबालिगों को हिरासत में लिया है।

बस स्टैंड के पास मिला था अज्ञात व्यक्ति का शव
जानकारी के अनुसार, शनिवार को जूटमिल थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष बताई गई। उसके सीने, कंधे और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान मिले थे। पहचान नहीं होने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
नशे की हालत में वारदात को दिया अंजाम
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर नशे के आदी थे और पहले भी चोरी व लूटपाट जैसी घटनाओं में शामिल रहे थे। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार देर रात करीब एक बजे आरोपी बिरयानी खाने के लिए पैसे जुटाने की बात करते हुए ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड पहुंचे थे।
वहां सड़क किनारे एक ट्रक के पास एक व्यक्ति सो रहा था। आरोपियों ने कथित तौर पर उसकी जेब से पैसे और मोबाइल निकालने की कोशिश की। इसी दौरान व्यक्ति जाग गया और विरोध करने लगा। आरोप है कि एक नाबालिग ने बटन वाले चाकू से उस पर कई वार किए। इसके बाद आरोपी मृतक की जेब से करीब 700 रुपये लेकर आपस में बांटकर वहां से चले गए।
एक युवक और चार नाबालिग हिरासत में
पुलिस ने जांच के दौरान मुखबिरों की मदद से मिट्ठूमुड़ा, बंजरगपारा और संगीतराई क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान राजेश सारथी उर्फ समारू (19) और चार नाबालिगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू, घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े और बाइक जब्त की है। मामले में BNS की धारा 111 भी जोड़ी गई है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
एसएसपी ने पुलिस टीम को दिया इनाम
रायगढ़ के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को उचित इनाम देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
CG Dastak की अपील: अपराध से जुड़ी किसी भी जानकारी की पुष्टि आधिकारिक पुलिस बयान से करें। नाबालिगों की पहचान उजागर करने वाली जानकारी साझा करने से बचें।
ऐसी ही खबरों के लिए पढ़ें CG Dastak — www.cgdastak.com









